टॉप न्यूज़
बागुईआटी में महिला डॉक्टर पर चाकू से हमला, पूर्व पति गिरफ्तार
तलाक के बाद बेटे के भविष्य के लिए दी थी साथ रहने की जगह
डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
बागुईआटी :
पश्चिम बंगाल के बागुईआटी में एक महिला डॉक्टर पर हमला करने, मारपीट और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने उनके पूर्व पति शंकर प्रसाद गिरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को बुधवार रात गिरफ्तार किया गया। वह न्यू टाउन स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करता है और बांसड्रोनी इलाके का निवासी है। पुलिस के अनुसार, शंकर प्रसाद गिरी ने वर्ष 2012 में महिला डॉक्टर से शादी की थी। दोनों का एक 12 वर्षीय बेटा है। आरोप है कि शादी के बाद से ही अलग-अलग मौकों पर शंकर डॉक्टर के साथ मारपीट करता था। इसी महीने दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया था। हालांकि, बेटे के भविष्य को ध्यान में रखते हुए महिला डॉक्टर ने अपने पूर्व पति को बागुईआटी थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट में बेटे के साथ रहने की अनुमति दी थी। पिता और बेटा उस फ्लैट में रहते थे, जबकि डॉक्टर अलग फ्लैट में रहती थीं।
बेटे को पढ़ाने पहुंची थीं डॉक्टर
आरोप है कि बुधवार रात महिला डॉक्टर अपने बेटे को पढ़ाने के लिए उस फ्लैट में पहुंची थीं। उस समय उनका बेटा बाथरूम में था। इसी दौरान शंकर प्रसाद ने कथित तौर पर डॉक्टर पर हमला कर दिया। डॉक्टर ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने डॉक्टर के बाल भी नोच लिए। किसी तरह महिला डॉक्टर फ्लैट से बाहर निकलने में सफल रहीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
शिकायत के बाद रात में गिरफ्तारी
सूचना मिलने के करीब 20 मिनट के भीतर बागुईआटी थाने की पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई। महिला डॉक्टर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसी रात शंकर प्रसाद गिरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

