लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी प्रदर्शन :  पंजाब सरकार से स्थिति रिपोर्ट तलब

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी प्रदर्शन : पंजाब सरकार से स्थिति रिपोर्ट तलब

Published on: 

चंडीगढ़ :

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कुछ दिन पहले हुई हिंसा और तोड़फोड़ की जांच पर बुधवार को पंजाब सरकार से स्थिति रिपोर्ट मांगी। LPU के बीटेक के छात्र रवि राज की ओर से दायर याचिका पर यह मामला हाई कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश अश्विनी कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाले पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए आया था। याचिका में LPU में हुई तोड़फोड़ और हिंसा की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने का अनुरोध किया गया है। सुनवाई के बाद अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन ने मीडियाकर्मियों से कहा कि हाई कोर्ट ने पंजाब पुलिस की जांच पर स्थिति रिपोर्ट मांगी है। जैन ने कहा, ‘‘एक पूरी स्थिति रिपोर्ट मांगी गई है कि क्या कार्रवाई की गई, दोषी कौन हैं, उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई और आगे क्या कदम उठाए जा रहे हैं?’’ मामले की अगली सुनवाई आठ अक्टूबर को होगी। जैन ने कहा कि परिसर में भ्रामक सूचना फैलाने वालों की पहचान करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशंका जताई कि इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश हो सकती है। याचिकाकर्ता राज ने अपनी याचिका में कहा कि 26 सितंबर की रात छात्रों के बीच एक अपुष्ट पोस्ट प्रसारित की गई थी जिसमें दावा किया गया था कि परिसर में एक छात्रा से दुष्कर्म हुआ है और उसे घर भेज दिया गया है। याचिका के अनुसार, इसके बाद छात्र लड़कियों के छात्रावास के बाहर जमा हुए और बाद में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को जाम कर दिया। बाद में बड़ी संख्या में बाहरी लोग तलवारें, रॉड और दरांती लेकर, अपने चेहरे ढके हुए LPU परिसर पहुंचे। उन्होंने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तोड़ दिए, सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त किए, दुकानों में लूटपाट की और कई जगह आग लगा दी। याचिका में LPU छात्र ने कहा कि परिसर में भ्रामक अफवाह फैलाए जाने के मामले में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधान लागू किए जाने चाहिए थे। LPU के छात्रों ने रविवार को व्यापक प्रदर्शन किया था। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा एक छात्रा से कथित दुष्कर्म के दावे को लेकर परिसर के बाहर नयी दिल्ली-अमृतसर राजमार्ग के एक हिस्से को भी जाम कर दिया था। उनका दावा था कि विश्वविद्यालय परिसर में एक बाहरी व्यक्ति ने छात्रा से दुष्कर्म किया है। परिसर में हिंसा भी हुई थी। छात्रों का कहना था कि कुछ बाहरी लोग, जिनके चेहरे ढके हुए थे, तोड़फोड़ में शामिल थे, उन्होंने संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, दुकानों में तोड़फोड़ की और परिसर में कई जगह आग लगा दी। सोमवार को LPU परिसर में स्थिति सामान्य हो गई थी। कक्षाएं 10 दिन के लिए निलंबित किए जाने के बाद कई छात्र अपने घर चले गए थे।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in