

भारत और नेपाल के बीच शिक्षा एवं तकनीकी सहयोग को नई दिशा देने की दिशा में एक अहम समझौता हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को सहमति जताई कि भारत नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा। दोनों देशों की ओर से जारी संयुक्त बयान में इसकी जानकारी दी गई। इस पहल से नेपाल के उच्च शिक्षा क्षेत्र को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 नवंबर से दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए थे। पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा थी। इस दौरान उनके साथ उच्चस्तरीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। प्रधानमंत्री मोदी और शाह के बीच हुई बातचीत में शिक्षा, तकनीक, स्टार्टअप, डिजिटल कनेक्टिविटी और वित्तीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
संयुक्त बयान के अनुसार, भारत नेपाल को विकास और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग देने के तहत वहां IIT का ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा। दोनों नेताओं ने उम्मीद जताई कि इससे नेपाल के शिक्षा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही भारत और नेपाल के बीच तकनीकी सहयोग को और विस्तारित करने पर भी सहमति बनी।
नेपाल में IIT कैंपस खुलने के बाद यह भारत का तीसरा विदेशी IIT कैंपस होगा। इससे पहले तंजानिया के जांजीबार और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में IIT के ऑफशोर कैंपस स्थापित किए जा चुके हैं। इन पहलों के माध्यम से भारतीय तकनीकी शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार मिल रहा है।
तंजानिया के जांजीबार में IIT मद्रास ने वर्ष 2023 में अपना कैंपस शुरू किया था। यहां अब तक 35 विद्यार्थी डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ओशन स्ट्रक्चर्स में एमटेक की डिग्री हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा डेटा साइंस और केमिकल प्रोसेस इंजीनियरिंग के विभिन्न बीएस पाठ्यक्रमों में 100 से अधिक विद्यार्थी नामांकित हैं।
वहीं, IIT दिल्ली ने वर्ष 2024 में UAE के अबू धाबी में अपना ऑफशोर कैंपस स्थापित किया था। इस कैंपस में स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट स्तर के कुल नौ पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में यहां 171 विद्यार्थी नामांकित थे। नेपाल में नए कैंपस की स्थापना से भारत की तकनीकी शिक्षा का अंतरराष्ट्रीय विस्तार और व्यापक होगा।