

सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : आगामी छठ पूजा को लेकर उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ में भाजपा की ओर से छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरुवार को टीटागढ़ नगरपालिका के सामने भाजपा बैरकपुर-3 मंडल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता बताने के साथ ही उन राजनीतिक दलों पर निशाना साधा, जिन्होंने अतीत में इस पर्व का विरोध किया था। कार्यक्रम में बैरकपुर के पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता शीलभद्र दत्त, प्रदेश चिकित्सक सेल के सह-संयोजक डॉ. चंद्रमणि शुक्ला, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुप्रिय घोष, भाजपा बैरकपुर-3 मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह, संजय यादव, कृष्णा झा, ओमप्रकाश गौड़, राजन सिंह और रमेश राव सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
50 से अधिक देशों में मनाया जाता है छठ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि छठ पूजा अब केवल बिहार और उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। यह महापर्व दुनिया के 50 से अधिक देशों में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। लाखों श्रद्धालु इस पर्व के माध्यम से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, सदस्यों के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि छठ व्रती महिलाएं करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देती हैं। गंगा सहित विभिन्न नदियों और जलाशयों के किनारे पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की जाती है।
छठ विरोधियों पर साधा निशाना
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने छठ पूजा के विरोध को लेकर राजनीतिक दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "जिन राजनीतिक दलों ने अलग-अलग समय पर छठ पूजा का विरोध या अपमान किया है, उनका राजनीतिक रूप से सर्वनाश हो गया।" उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
जलमार्ग से होगी विशेष परिवहन व्यवस्था
अर्जुन सिंह ने बताया कि छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग की ओर से जलमार्ग पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और पूजा के बाद वापस लौटने में होने वाली परेशानियों को कम करना है। वहीं, भाजपा बैरकपुर-3 मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि छठ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भाजपा कार्यकर्ता सड़क से लेकर जलमार्ग तक हर स्तर पर सहयोग करेंगे।