विश्व कप : आस्ट्रेलिया बाहर, सुपर-8 की टीमें लगभग पक्की

ग्रुप-1 ः भारत, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज ग्रुप-2 ः श्रीलंका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाक या यूएस
खेल
शतक लगाने के बाद जश्न मनाते कनाडा के युवराज सामरा ।R SenthilKumar
Published on

सुपर-8 में भारत के मैच

22 फरवरी : भारत बनाम द. अफ्रीका

26 फरवरी : भारत बनाम जिम्बाब्वे

1 मार्च : भारत बनाम वेस्ट इंडीज

पाल्लेकल : जिम्बाब्वे की आयरलैंड के खिलाफ टी-20 विश्व कप ग्रुप बी का मैच बारिश में धुलने के बाद सीधे सुपर 8 में उसकी एंट्री हो गई, जबकि पूर्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया और आयरलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला जिससे जिम्बाब्वे के 5 अंक हो गए। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि हमने अभी लक्ष्य हासिल नहीं किया है, बस उसकी ओर कदम बढाया है। थोड़ा बहुत जश्न होगा लेकिन फोकस अगले मैच पर है। पिछली बार टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने से चूकी जिम्बाब्वे सुपर 8 में पहुंचने वाली 7वीं टीम बन गई। ग्रुप वन में भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज भी सुपर 8 में पहुंच गए हैं। जिम्बाब्वे को आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को श्रीलंका से खेलना है। श्रीलंका 6 अंक लेकर पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुका है । आस्ट्रेलिया के 2 अंक है जिसे जिम्बाब्वे और श्रीलंका ने हराया। ग्रुप-2 में श्रीलंका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान या अमेरिका होंगे। रजा ने कहा कि मैं और कोच मिलकर श्रीलंकाई टीम के बारे में विश्लेषण करेंगे और यह मैच जीतने की कोशिश करेंगे। क्वालीफाइंग से हमारा लक्ष्य नहीं बदला है। हमें यह मैच भी जीतना है। पूर्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के दोनों मैच हारने के बाद ही सुपर 8 में जगह मिलनी थी लेकिन बारिश ने उसके इरादों पर पानी फेर दिया।

कनाडा को हराकर सुपर-8 में पहुंचा न्यूजीलैंड

चेन्नई : युवराज समरा टी-20 विश्व कप में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने लेकिन यह उलटफेर करने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई क्योंकि न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स की तूफानी पारी के दम पर मंगलवार को यहां ग्रुप डी के मैच में कनाडा को 29 गेंद शेष रहते हुए 8 विकेट से हराकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की की। युवराज ने आखिरी ओवर में आउट होने से पहले 65 गेंद पर 110 रन बनाए जिसमें 11 चौके और 6 छक्के शामिल हैं। उनकी इस पारी की मदद से कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 173 रन बनाए। फिलिप्स की 36 गेंद पर 4 चौकों और 6 छक्कों की मदद से खेली गई नाबाद 76 रन की पारी तथा रचिन रविंद्र (39 गेंद पर नाबाद 59) के साथ उनकी 146 रन की अटूट साझेदारी की मदद से न्यूजीलैंड ने 15.1 ओवर में 2 विकेट पर 176 रन बनाकर कनाडा के स्कोर को बौना साबित कर शान से अगले चरण में प्रवेश किया। न्यूजीलैंड ने 4 मैच में 6 अंक के साथ ग्रुप चरण के अपने अभियान का समापन किया। वह ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका के बाद दूसरे स्थान पर है।

कनाडा के युवराज सामरा टी-20 विश्व कप में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने

क्रिकेट के शौकिन पिता बलजीत सामरा ने उनका नाम धाकड़ भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह के नाम पर रखा था। सामरा का जन्म कनाडा के ब्रैम्पटन में हुआ था और उनके पिता बलजीत हमेशा उनके लिए प्रोत्साहन का निरंतर स्रोत रहे। पिछले साल मार्च में पदार्पण करने वाले सामरा ने अपने 19वें टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की। सामरा ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 11 चौके और 6 छक्के जड़े, जिसकी बदौलत कनाडा ने ऊंची रैंकिंग वाली प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ 173 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। वह अंतिम ओवर में जैकब डफी पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। उनकी यह पारी टी-20 विश्व कप में किसी एसोसिएट टीम के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है। इससे पहले टी-20 विश्व कप में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के अहमद शहजाद के नाम था, जिन्होंने 2014 में 22 वर्ष की आयु में यह उपलब्धि हासिल की थी।

नेपाल ने स्कॉटलैंड को हराया

मुंबई : कुशल भुर्तेल (43) की तूफानी शुरुआत और दीपेंद्र सिंह ऐरी (नाबाद 50) की आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से नेपाल ने मंगलवार को यहां ग्रुप सी महज औपचारिकता वाले मुकाबले में स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराकर टी-20 विश्व कप में 12 साल के जीत के सूखे को खत्म किया। नेपाल ने 2014 में अपने पदार्पण विश्व कप में अफगानिस्तान और नीदरलैंड को हराया था, लेकिन उसके बाद से जीत का स्वाद नहीं चखा था। ‘राइनोज’ ने वानखेड़े स्टेडियम में 19,000 से अधिक दर्शकों के सामने प्रभावशाली जीत के साथ अभियान का समापन किया। स्कॉटलैंड को 7 विकेट पर 170 रन पर रोकने के बाद नेपाल ने 19.2 ओवर में 3 विकेट पर 171 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ एरी ने 23 गेंद की नाबाद पारी में 3 छक्के और 4र चौके जड़े। गुलशन झा (नाबाद 24) ने उनका शानदार तरीके से साथ दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 73 रन की अटूट साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। इस जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों ने वानखेड़े स्टेडियम का चक्कर लगाकर दर्शकों का अभिवादन किया।

आज के मुकाबलें

1: भारत बनाम नीदरलैंड

गुजरात के अहमदाबाद में

शाम 7:00 बजे शुरू होगा।

2. पाक बनाम नामीबिया

श्रीलंका के कोलंबो में

मैच दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा

3. यूएई बनाम दक्षिण अफ्रीका

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में

मैच सुबह 11 बजे से शुरू होगा

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in