कौस्तव बागची के समर्थन में उतरे जगद्दल और नैहाटी के भाजपा विधायक

कौस्तव बागची के समर्थन में उतरे जगद्दल और नैहाटी के भाजपा विधायक

Published on: 

उत्तम दास और प्रशांत चौधरी की पार्टी में एंट्री को लेकर भाजपा में बढ़ी खींचतान

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र में भाजपा के भीतर पूर्व तृणमूल नेताओं को पार्टी में शामिल करने के मुद्दे पर शुरू हुआ विवाद अब स्थानीय विधायकों के बीच खुलकर सामने आने लगा है। बैरकपुर के विधायक कौस्तव बागची के समर्थन में अब जगद्दल के विधायक राजेश कुमार और नैहाटी की विधायक सुमित्रा चटर्जी भी उतर आये हैं। दोनों विधायकों ने उत्तम दास और प्रशांत चौधरी को भाजपा में शामिल करने के मुद्दे पर कौस्तव के बयान का समर्थन किया है। वहीं, बीजपुर की भाजपा विधायक सुदीप्ता दास ने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिये एक बार फिर कौस्तव पर निशाना साधा है। इसके अलावा भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी सोशल मीडिया पर कौस्तव के खिलाफ पोस्ट कर रहे हैं और श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह के पक्ष में अपनी बातें रख रहे हैं। दरअसल, बैरकपुर और टीटागढ़ नगरपालिकाओं के पूर्व मेयर उत्तम दास और प्रशांत चौधरी को भाजपा में शामिल करने की अटकलों के बीच कौस्तव बागची ने पहले ही इसका विरोध किया था। उन्होंने यहां तक चेतावनी दी थी कि यदि दोनों नेताओं को भाजपा में शामिल किया गया तो वह प्रदेश भाजपा कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लेंगे। कौस्तव के इस बयान के 24 घंटे के भीतर स्थानीय भाजपा नेताओं का एक समूह मिठाई लेकर उत्तम दास के घर पहुंचा और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पार्टी के भीतर इस मुद्दे पर मतभेद और गहरा गया।

'दूसरे के विधानसभा क्षेत्र में क्यों घुसें?'

गुरुवार को कौस्तव के समर्थन में सामने आये जगद्दल के भाजपा विधायक राजेश कुमार ने कहा, 'बैरकपुर के विधायक ने अपनी बात रख दी है। हम सभी सक्षम विधायक हैं। फिर दूसरे लोग किसी और के विधानसभा क्षेत्र में क्यों घुसें?' उनके इस बयान को स्थानीय राजनीतिक मामलों में संबंधित विधायकों की भूमिका और अधिकार के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, नैहाटी की विधायक सुमित्रा चटर्जी ने भी कौस्तव के बयान का समर्थन करते हुए कहा, 'कौस्तव ने बिना किसी सबूत के बात कही होगी। उन्होंने पार्टी के खिलाफ कुछ नहीं कहा। उन्होंने केवल चेतावनी दी थी कि किसे स्वीकार करना है और किसे नहीं।' दूसरी ओर, बीजपुर की विधायक सुदीप्ता दास ने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिये कौस्तव की आलोचना की है। इस बीच, भाजपा के अंदर जारी इस विवाद ने बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। उत्तम दास और प्रशांत चौधरी की संभावित भाजपा एंट्री को लेकर स्थानीय नेताओं के अलग-अलग रुख से पार्टी के भीतर असहज स्थिति बनी हुई है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News