

दुबईः कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सोमवार को देश में कई अमेरिकी युद्धक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए, लेकिन सभी पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए। मंत्रालय ने दुर्घटनाओं के कारणों के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया, लेकिन कहा कि ये दुर्घटनाएं ईरान द्वारा कुवैत को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों के दौरान हुईं, लेकिन बाद में इस संबंध में अमेरिका का भी बयान आया।
अमेरिकी सेना के मुख्यालय पेंटागन ने बताया है कि कुवैत एयर डिफेंस द्वारा गलती से अमेरिका के तीन फाइटर जेट विमानों को मार गिराया गया। इन जेट में छह वायुसेना कर्मी थे जो इनके जमीन पर गिरने से पहले ही वे बाहर निकल आये थे। सभी छह वायुसेना पायलट सुरक्षित हैं।
कुवैत के रक्षा मंत्रालय के अनुसार पायलटों को अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत स्थिर है। पहले यह माना गया था कि ईरान के हमले के दौरान अमेरिका के एफ 15 समेत अन्य लड़ाकू विमान गिरे हैं। एक फाइटर जेट को एक टावर के ऊपर लड़खड़ाकर गिरने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है।
सोमवार तड़के कुवैत में भी तेज धमाके और सायरन सुनाई दिए। रॉयटर्स के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी ने अमेरिकी दूतावास के पास धुआं उठते देखा। दूतावास को निशाना बनाकर ईरान द्वारा हमला किया गया था। सरकारी कुवैत समाचार एजेंसी ने नागरिक सुरक्षा प्रमुख के हवाले से बताया कि रुमैथिया और सलवा इलाकों के पास अधिकांश ड्रोन हमलों को वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया।