अवैध गैस कटिंग के ठिकाने पर विधायक की छापेमारी

अवैध गैस कटिंग के ठिकाने पर विधायक की छापेमारी

Published on: 

घरेलू सिलेंडर से ऑटो में भरी जा रही थी गैस, आठ सिलेंडर जब्त

तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने शुरू की जांच

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर के लालकुठी इलाके में घरेलू गैस सिलेंडरों से ऑटो में अवैध तरीके से गैस भरने के कारोबार का खुलासा हुआ है। छठ पूजा के कार्यक्रम से लौट रहे बैरकपुर के विधायक कौस्तव बागची ने अचानक एक ठिकाने पर छापेमारी कर इस कथित अवैध कारोबार को पकड़ा। मौके से इंडेन और एचपी के कुल आठ घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इस सिलसिले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले किया गया है।

प्लास्टिक की झोपड़ी में चल रहा था कारोबार

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विधायक को सूचना मिली थी कि लालकुठी इलाके में प्लास्टिक से ढकी एक झोपड़ी के भीतर अवैध गैस कटिंग का काम चल रहा है। छठ पूजा के कार्यक्रम से लौटते समय विधायक ने सूचना के आधार पर अपनी गाड़ी रुकवाई और सीधे झोपड़ी के अंदर पहुंच गये। वहां घरेलू गैस सिलेंडरों से ऑटो में गैस भरी जा रही थी। आरोप है कि बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के इस तरह गैस की अवैध रिफिलिंग की जा रही थी। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद विधायक ने पुलिस को सूचना दी।

हादसे की आशंका जताकर जताई चिंता

विधायक कौस्तव बागची ने कहा कि मौजूदा समय में युद्ध के कारण आम लोगों को गैस की उपलब्धता को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में घरेलू गैस का इस तरह व्यावसायिक वाहनों में इस्तेमाल करना आम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। उन्होंने कहा कि यह कारोबार न केवल अवैध है, बल्कि बेहद खतरनाक भी है। थोड़ी सी लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन लोग शामिल हैं तथा घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति कहां से हो रही थी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News