अरुणाचल में जंगल की आग पर काबू: IAF हेलिकॉप्टर ने गिराए 66 हजार लीटर पानी

पासीघाट के मेबो और सिगार इलाके में एयरफोर्स का बड़ा ऑपरेशन, सेना के साथ संयुक्त अभ्यास में भी दिखाई ताकत
अरुणाचल में जंगल की आग पर काबू: IAF हेलिकॉप्टर ने गिराए 66 हजार लीटर पानी
Published on

नई दिल्ली : अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट क्षेत्र में लगी भीषण जंगल की आग को बुझाने के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) ने बड़ा ऑपरेशन चलाया। मंगलवार को वायुसेना ने मेबो और सिगार इलाकों में आग पर काबू पाने के लिए Mi-17 V5 हेलिकॉप्टर तैनात किया। कई बार उड़ान भरते हुए हेलिकॉप्टर से करीब 66,000 लीटर पानी गिराकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की गई।

वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऑपरेशन की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए बताया कि इस मिशन में तेज प्रतिक्रिया और सटीक संचालन का प्रदर्शन किया गया। हेलिकॉप्टर ने लगातार कई सॉर्टी उड़ान भरकर आग की लपटों को नियंत्रित करने और आसपास के रिहायशी इलाकों को सुरक्षित रखने का काम किया।

इससे पहले 18 फरवरी को भी वायुसेना ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर लगी भीषण जंगल की आग से निपटने के लिए अभियान चलाया था। अरुणाचल प्रदेश के वालांग इलाके में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच हेलिकॉप्टरों ने लगभग 1,39,800 लीटर पानी गिराकर आग को बुझाने में सफलता हासिल की थी।

इसी बीच भारतीय वायुसेना और भारतीय सेना ने 8 मार्च 2026 को उत्तराखंड के टिहरी झील के ऊपर संयुक्त सैन्य अभ्यास भी किया। इस अभ्यास के दौरान कॉम्बैट फ्री-फॉल और स्टैटिक लाइन पैरा-ड्रॉप का प्रदर्शन किया गया, जिसमें वायुसेना के विमान से पैराट्रूपर्स ने सटीक छलांग लगाई।

वायुसेना के अनुसार यह अभ्यास दोनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त संचालन क्षमता को दर्शाता है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के संयुक्त अभ्यास से सशस्त्र बलों की तैयारी और आपसी तालमेल मजबूत होता है, जिससे वे आपदा राहत से लेकर सैन्य अभियानों तक हर परिस्थिति में प्रभावी ढंग से काम कर सकते हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in