चालसा चाय बागान के युवक ने फिटनेस प्रतियोगिता में रजत और कांस्य पदक जीता

चालसा चाय बागान के युवक ने फिटनेस प्रतियोगिता में रजत और कांस्य पदक जीता
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

नागराकाटा : मेटेली के चालसा चाय बागान के युवक विशाल उरांव ने राष्ट्रीय स्तर की बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस प्रतियोगिता के दो इवेंट में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। 25 वर्षीय विशाल ने हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित 71वीं प्रतियोगिता में फिजिक और बॉडी बिल्डिंग दोनों प्रतियोगिता में पदक जीता। यह कार्यक्रम इंडियन फिटनेस एंड बॉडी बिल्डर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया गया था। हालांकि विशाल की उपलब्धि से चाय बागान में खुशी का महौल है। चालसा चाय बागान के खेलधुरा लाइन के युवक का कहना है कि डुआर्स में बॉडी बिल्डिंग अभी बहुत लोकप्रिय नहीं है। हालांकि यहां प्रतिभा की कमी नहीं है। अगर लगन हो तो कई लोग इसके जरिए अपना मुकाम बना सकते हैं। वह चाय बागान के लड़के-लड़कियों में इसके प्रति रुचि बढ़ाने के लिए काम करना चाहते हैं। विशाल के पिता दशई उरांव बागान में काम करते हैं। मां सपना उरांव गृहिणी हैं। बचपन से ही उनमें अपने शरीर की फिटनेस को बनाए रखने की प्रवृत्ति थी। कुछ साल पहले प्रवासी मजदूर के तौर पर बेंगलुरु में काम करने के बाद दूसरों को देखकर उसकी यह आदत और बढ़ गई। फिर वह बॉडी बिल्डिंग की ओर आकर्षित हुआ। बॉडी बनाने का काम शुरू हुआ। इस 71वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले उसने कई अन्य प्रतियोगिताओं में भी स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते थे। चालसा चाय बागान के मजदूर नेता सालू छेत्री ने कहा कि विशाल हमारे इलाके का गौरव हैं। इससे पहले यहां का कोई व्यक्ति बॉडी बिल्डिंग के बारे में सोच भी नहीं सकता था। लड़का दूसरों को भी राह दिखा रहा है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in