

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के आंदुल रोड स्थित लीचूबागान इलाके में बुधवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई। लीचूबागान न्यू बस्ती के निवासी निहाल खान अपने दोस्त असीम अकरम के साथ बकुलतला स्थित एक बिरयानी की दुकान पर गए थे। आरोप है कि वहीं पर काजीपाड़ा के रहने वाले चार युवकों ने अचानक उन्हें घेर लिया। शुरुआत में कहासुनी और मारपीट के बाद बदमाशों ने निहाल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लहूलुहान निहाल को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल निहाल को हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के संबंध में परिजनों ने नाजीरगंज पुलिस फांड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि वारदात के बाद भी आरोपी बेखौफ इलाके में घूम रहे हैं और पुलिस ने अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। इस घटना के बाद से लीचूबागान के निवासियों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।