

सिलीगुड़ी : सरकारी काम में बाधा डालने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई करने के आरोप में एनजेपी थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान शुभो राय के रूप में हुई है। घटना फुलबाड़ी-1 ग्राम पंचायत अंतर्गत ममता पाड़ा इलाके की बताई गई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद थाने लाकर पूछताछ की। बुधवार को उसे जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
जांच के दौरान पुलिसकर्मी से उलझने का आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार शाम एनजेपी थाने के एएसआई मनोज मजूमदार एक मामले की जांच के सिलसिले में ममता पाड़ा पहुंचे थे। वहां जांच से संबंधित जानकारी की वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने के दौरान शुभो राय पर पुलिस अधिकारी के काम में बाधा डालने का आरोप है। इसके बाद आरोपित के ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ उलझने और हाथापाई करने की बात भी सामने आई।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभो राय को गिरफ्तार कर लिया और उसे एनजेपी थाने ले आई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना में आरोपित के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
बुधवार को आरोपित को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।