सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य सरकार के सूचना व सांस्कृतिक विभाग द्वारा गुरुवार को महानायक उत्तम कुमार की जन्मशती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कई अहम घोषणाएं भी की। सीएम ने बांग्ला फिल्मों के दिग्गज अभिनेता उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि देते कहा कि राज्य सरकार उनकी जन्मशती वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाएगी। इसके साथ कोलकाता में कोलकाता में उत्तम कुमार के नाम पर एक संस्थान स्थापित किया जाएगा, जिसकी आधारशिला शुक्रवार सुबह रखी जाएगी। गुरुवार को टालीगंज में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने उत्तम कुमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर सूचना व सांस्कृतिक विभाग की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती, संबंधित विभाग के सचिव डॉ. सौमित्र माेहन उपस्थित थे।
सीएम ने कहा कि यह आयोजन कुछ दिनों तक चलने वाले औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा। इस मौके पर टॉलीगंज के मशहूर अभिनेता रंजीत मलिक, प्रसेनजीत चटर्जी, सांसद व अभिनेता दीपक अधिकारी उर्फ देव, जीत समेत अन्य अभिनेता उपस्थित थे। फिल्म जगत के दिग्गज की 100वीं जयंती के अवसर पर जुटी भीड़ की ओर इशारा करते हुए सीएम ने कहा कि उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि देने के लिए लोग खुद आए हैं। मुझे उनकी विरासत का प्रमाण देने की जरूरत नहीं है। यह उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि है। सीएम ने कहा कि सरकार इसे भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती समारोह जितना ही महत्व देगी। समारोहों के तहत, राज्य भर में उत्तम कुमार के नाम पर बने संस्थानों का नवीनीकरण और पुनर्निर्माण का काम किया जाएगा। कोलकाता नगर निगम के उत्तम मंच का नवीनीकरण किया जाएगा। अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी की मदद से राज्यभर में उत्तम कुमार की प्रतिमाओं की तस्वीरे एकत्र की जा रही है।
बंगाल से केंद्र तक खास सम्मान की तैयारी
सीएम ने बताया कि राज्य सरकार के साथ ही केंद्र सरकार भी उत्तम कुमार की जन्मशती के अवसर पर उनकी छवि वाला एक स्मारक सिक्का और एक डाक टिकट जारी करेगी। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 30 अगस्त को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में करीब पांच मिनट तक उत्तम कुमार के बारे में बात की थी और सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अभिनेता को श्रद्धांजलि भी दी।