

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के सांकराइल अंतर्गत धुलागढ़ ग्राम पंचायत क्षेत्र में बुधवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि पिछले चार महीनों से न मिलने से नाराज महिलाओं ने धुलागढ़ ग्राम पंचायत कार्यालय में ताला जड़ दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं ने जुझुरसाहा राज्य सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और यातायात पूरी तरह ठप कर दिया।
आर्थिक संकट और पूजा की खरीदारी को लेकर जताई चिंता
तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर जमी रहीं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्होंने पंचायत में आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज और जानकारियां जमा कराई थीं, फिर भी महीनों से योजना की किस्त उनके खातों में नहीं पहुंची है। महिलाओं का कहना है कि पहले इलाके की सभी पात्र महिलाओं को लक्ष्मी भंडार का लाभ मिलता था, लेकिन अब केवल कुछ ही महिलाओं के खातों में पैसे आ रहे हैं। दुर्गा पूजा से ठीक पहले राशि न मिलने से उनके सामने वित्तीय संकट खड़ा हो गया है और बच्चों के लिए त्योहार कपड़े खरीदना भी मुश्किल हो रहा है।
पुलिस और RAF ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सांकराइल थाने की पुलिस और त्वरित कार्य बल (RAF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित महिलाओं को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।