

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए राज्य सरकार ने नई योजना ‘अन्नपूर्णा भंडार’ शुरू करने का ऐलान किया है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹3000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने विधानसभा में शपथ लेने के बाद जानकारी दी कि यह योजना 1 जून से लागू होगी। उन्होंने बताया कि पहले से चल रही ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के लाभार्थियों को भी नई योजना में शामिल किया जाएगा, साथ ही नए आवेदकों को भी जोड़ा जाएगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बार लाभ पाने के लिए ‘द्वारे सरकार’ कैंप का इंतजार नहीं करना होगा। महिलाएं सालभर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। इसके लिए एक आसान पोर्टल तैयार किया जा रहा है, ताकि बिना किसी परेशानी के हर वर्ग की महिलाएं खुद आवेदन कर सकें।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और डिजिटल सुविधाओं के जरिए प्रक्रिया को आसान बनाना है। यह कदम नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन को आगे बढ़ाने के तौर पर भी देखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य में पहले ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत करीब 2.61 करोड़ महिलाएं लाभान्वित हो रही थीं, जिन्हें अब नई योजना के तहत ज्यादा राशि मिलेगी। इसके अलावा, राज्य में बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाकर ₹2000 करने पर भी विचार चल रहा है, हालांकि इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। वहीं, अन्य सामाजिक योजनाओं की राशि अब सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजने की व्यवस्था भी जारी रहेगी। सरकार जल्द ही पोर्टल और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी जारी कर सकती है।