रंगदारी का विरोध करने पर महिला का सिर फोड़ा, व्यापारियों में दहशत

Woman's head smashed for resisting extortion, traders panicked
फाइल फोटो
Published on

​निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर: पलता रेलवे स्टेशन संलग्न बाजार इलाके में रंगदारी (तोलाबाजी) को लेकर जबरदस्त तनाव फैल गया है। आरोप है कि रंगदारी देने से इनकार करने पर बदमाशों ने एक महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसका सिर फट गया। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से बदमाशों का आतंक जारी है और विरोध करने पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दी जाती है। घटना के बाद घायल सकीना बीबी और अन्य शिकायतकर्ताओं ने नोआपाड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हाफिज गैंग का आतंक

इलाके के व्यापारियों के एक खेमे का दावा है कि हाफिज नामक व्यक्ति के नेतृत्व में एक गिरोह नियमित रूप से दुकानों से अवैध वसूली करता है। हाल ही में जब कुछ दुकानदारों ने पैसा देने से मना किया, तो उन पर हमला बोल दिया गया। पीड़ितों का गंभीर आरोप है कि इन बदमाशों को स्थानीय नेताओं का संरक्षण प्राप्त है।

'तोलाबाजी' को तृणमूल का समर्थन नहीं: बाबला बोस

इस घटना पर उत्तर बैरकपुर नगर पालिका के पार्षद और तृणमूल नेता बाबला बोस ने कहा, "हमने घटना के बारे में सुना है और प्रशासन को उचित कार्रवाई करने को कहा गया है। आम लोगों पर हमला निंदनीय है। तृणमूल कांग्रेस रंगदारी वसूलने वालों का कभी समर्थन नहीं करती।"

अर्जुन सिंह ने साधा निशाना

पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने इस मुद्दे पर पुलिस और सत्ता पक्ष को घेरा है। उन्होंने कहा, "पलता रेलवे लाइन के किनारे अवैध कब्जे और रंगदारी का खेल पुलिस की मदद और तृणमूल के सहयोग से चल रहा है। आरोपी हाफिज का भाई हन्नान गाजी भी यही करता था, जिसे जनता ने पीट-पीटकर मार डाला था। इस इलाके में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री भी होती है।"

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in