225 से अधिक सीटें जीतेंगे : फिरहाद का दावा

मंत्री फिरहाद हकीम ने पूरे परिवार के साथ वोट डाला
मंत्री फिरहाद हकीम ने पूरे परिवार के साथ वोट डाला
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कोलकाता पोर्ट के तृणमूल उम्मीदवार फिरहाद हकीम ने बुधवार को दावा किया कि तृणमूल को 294 सीटों में से 225 से अधिक सीटें मिलेंगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि डर दिखाना भाजपा की स्टाइल है जबकि बंगाल की जनता प्यार की भाषा समझती है। फिरहाद हकीम ने भवानीपुर की घटना पर कहा कि अगर भाजपा अन्य पार्टी के लोगों के सामने अपनी पार्टी की जय जयकार करेगी तो दूसरी पार्टी भी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया। भाजपा के कहने पर यह सब किया जा रहा है। बेवजह पार्टी कार्यकर्ताओं को परेशान करना गलत है। फिर भी मैं कहता हूं कि चुनाव शांतिपूर्ण रहा। वहीं चुनाव के दौरान भारी संख्या में केंद्रीय बल की तैनाती पर फिरहाद हकीम ने कहा कि मैं पूछता हूं, इतने सेंट्रल फोर्स पहलगाम हमले के समय कहां थी ? अगर ऐसा होता तो हमारे इतने भाइयों को वहां जान नहीं गंवानी पड़ती। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोलकाता में शांतिपूर्ण मतदान का ट्रेंड रहा है। फिरहाद हकीम ने कहा कि इन सभी इलाकों में कभी ईंट भी नहीं चली है, बम गाेली तो बहुत दूर की बात है। ऐसे में यहां इतनी फोर्स की जरूरत क्यों पड़ी ? मैं सालों से यहां का वोटर हूं। यहां शांतिपूर्ण मतदान देखा है, लोग उत्सव की तरह मनाते हैं। भाजपा का स्टाइल है, डर डर और सिर्फ डर दिखाओ, मगर वह नहीं जानती है कि बंगाल के लोग प्यार की भाषा समझते हैं, गब्बर की भाषा नहीं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in