

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : पर्यावरण एवं वन विभाग के अंतर्गत मायाबंदर वन्यजीव प्रभाग के मजदूरों को 02 मार्च को टोता टिकरी, मायाबंदर के निकट समुद्र में हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग के दौरान बहुमूल्य जीवन बचाने में प्रदर्शित असाधारण साहस और तत्परता के लिए सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि 24.2.2026 को प्रातःकाल के समय पवन हंस लिमिटेड का एक हेलीकॉप्टर रंगत हेलीपैड से मायाबंदर की ओर जाते समय मायाबंदर के निकट समुद्र में आपात लैंडिंग करने को विवश हो गया। संयोगवश, मायाबंदर वन्यजीव प्रभाग की एक इंजन डिंगी आवश्यक सामग्री और आपूर्ति लेकर इंटरव्यू द्वीप संरक्षण शिविर की ओर जा रही थी। नाव पर वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी मजदूर सॉव सकारी, सॉव थॉमस और सॉव मनाशे एक पुलिस कर्मी के साथ सवार थे। यात्रा के दौरान उन्होंने हेलीकॉप्टर को समुद्र में आपात लैंडिंग करते हुए देखा।
घटना स्थल से कम दूरी पर होने के कारण टीम ने तुरंत आपात प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अपने कैंप अधिकारी को सूचित किया। सहायता प्रदान करने के निर्देश मिलते ही उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी डिंगी को घटना स्थल की ओर मोड़ दिया। अद्भुत सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए उन्होंने आपात लैंडिंग कर चुके हेलीकॉप्टर से एक शिशु सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उनकी उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और अप्रत्याशित आपात स्थिति में साहस के अनुकरणीय प्रदर्शन की सराहना और सम्मान के लिए यह समारोह आयोजित किया गया। प्रधान मुख्य वन संरक्षक, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह ने वान सदन, हैड्डो स्थित समिति कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में तीनों दैनिक वेतनभोगी मजदूरों को सम्मानित किया।