

कोलकाता : विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बंद्योपाध्याय ने भाजपा सांसद अनंत महाराज का ‘बंग विभूषण’ सम्मान वापस लेने के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया है। साथ ही, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सवाल किया कि अनंत महाराज को यह सम्मान आखिर क्यों दिया गया था।
पत्रकारों से बातचीत में ऋतब्रत ने कहा, “अनंत महाराज का सम्मान वापस लिए जाने का हम दिल से स्वागत करते हैं। आखिर उन्हें बंग विभूषण क्यों दिया गया था, यह तत्कालीन मुख्यमंत्री ही बता सकती हैं।” उन्होंने अनंत महाराज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “अनंत महाराज की पगड़ी खोल ली जाए तो मैं और खुश होऊंगा।”
गौरतलब है कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस को लेकर अनंत महाराज की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और सोशल मीडिया पर अवमाननापूर्ण पोस्ट को लेकर विवाद के बीच राज्य सरकार ने यह कार्रवाई की है। सरकार ने कहा कि सम्मान मिलने के बाद सामने आए घटनाक्रम और परिस्थितियों के साथ-साथ संबंधित दस्तावेजों की समीक्षा की गई।
इसके बाद निष्कर्ष निकला कि सम्मान बरकरार रखना इसकी गरिमा और उद्देश्य के अनुरूप नहीं है। नागेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज का सम्मान तत्काल प्रभाव से वापस लेकर रद्द कर दिया गया।