गौरव गोगोई व उनकी पत्नी के कथित पाकिस्तानी एजेंट के साथ गहरे संबंध पर हिमंत ने क्या-क्या बताए?

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई, उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच ‘‘गहरे संबंध’’ हैं तथा खुफिया ब्यूरो (आईबी) से मिली सूचना गुप्त रूप से पड़ोसी देश को दी गई थी।
गौरव गोगोई व उनकी पत्नी के कथित पाकिस्तानी एजेंट के साथ गहरे संबंध पर हिमंत ने क्या-क्या बताए?
Published on

गुवाहाटीः असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई, उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच ‘‘गहरे संबंध’’ हैं तथा खुफिया ब्यूरो (आईबी) से मिली सूचना गुप्त रूप से पड़ोसी देश को दी गई थी।

राज्य में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सरमा ने यह भी दावा किया कि जब एलिजाबेथ भारत में काम कर रही थीं, तब शेख द्वारा उन्हें वेतन का भुगतान करने के लिए विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) का उल्लंघन किया गया था। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने गोगोई पर अधिकारियों को सूचित किए बिना 2013 में ‘‘बेहद गोपनीय ढंग से’’ पाकिस्तान जाने का आरोप लगाया और संदेह जताया कि उन्होंने वहां ‘‘किसी प्रकार का प्रशिक्षण’’ प्राप्त किया था। इस बीच, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख गोगोई ने सरमा के संवाददाता सम्मेलन को ‘‘सी-ग्रेड के सिनेमा से भी बदतर’’ और ‘‘सुपर फ्लॉप’’ करार दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारा मानना ​​है कि गौरव गोगोई, एलिजाबेथ कोलबर्न और अली तौकीर शेख के बीच गहरा संबंध है। हमारा मानना ​​है कि एलिजाबेथ और अली तौकीर शेख एक अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा थे।’’ सरमा ने दावा किया कि संबंधित लोगों ने भारत सरकार को दरकिनार करते हुए स्थानीय निकाय एजेंसियों के साथ काम किया और इसकी जांच असम पुलिस नहीं कर सकती। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हमने केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय जांच कराए जाने की सिफारिश की है।’’

गोगोई की पत्नी का पाकिस्तानी एजेंट से संबंध का आरोप

उन्होंने कहा, ‘‘एलिजाबेथ ने पाकिस्तान में शेख के संगठन ‘लीड पाकिस्तान’ के साथ काम किया। फिर उनका तबादला भारत में हो गया और उन्होंने उसी संगठन में काम किया। लेकिन उनका वेतन अली तौकीर शेख द्वारा ही दिया जाता रहा।’’ मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि लीड पाकिस्तान ने ‘लीड इंडिया’ को पैसे भेजे और लीड इंडिया ने एफसीआरए नियमों को दरकिनार करते हुए एलिजाबेथ को भुगतान किया। उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तानी एजेंसियां ​​किसी भारतीय संस्था को दान नहीं दे सकतीं क्योंकि वह एक शत्रु राष्ट्र है। संभवतः संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के समय में एलिजाबेथ को भुगतान करने के लिए विशेष अनुमति प्राप्त की गई थी।’’ शर्मा ने दावा किया कि भारत में काम करने के बाद एलिजाबेथ ने भारत से संबंधित जानकारी इकट्ठा करना शुरू कर दिया और वह शेख को रिपोर्ट दिया करती थीं।

उन्होंने दावा किया, ‘‘एलिजाबेथ को नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद जलवायु संबंधी कार्रवाई के बारे में आईबी सूत्रों से जानकारी मिली। उन्होंने शेख को 45 पन्नों की रिपोर्ट भेजी।’’ शर्मा ने दावा किया कि लीड इंडिया के साथ काम करते समय एलिजाबेथ ने छह बार इस्लामाबाद की यात्रा की, जबकि एक अन्य एनजीओ में शामिल होने के बाद उन्होंने तीन बार पाकिस्तान की यात्रा की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एलिजाबेथ अपनी पाकिस्तान यात्रा को गोपनीय रखने के लिए अटारी सीमा से होकर ही जाती थीं और वह कभी विमान से नहीं जाती थीं।’’

गोगोई की पत्नी का वीज रद्द करने की मांग

शर्मा ने कहा कि एफसीआरए का उल्लंघन करके सीधे पाकिस्तानी निधि प्राप्त करना आसान नहीं है और उनका मानना ​​है कि संप्रग सरकार के ‘‘बहुत करीब’’ कोई और मध्यस्थ हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एलिजाबेथ का वहां वेतन प्राप्त करने के लिए एक पाकिस्तानी बैंक खाता था, लेकिन पूछताछ के दौरान उन्होंने इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया कि वह खाता बंद है या अब भी सक्रिय है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘गौरव ने अपने चुनावी हलफनामे में इस पाकिस्तानी खाते का जिक्र नहीं किया। अब मुझे लगता है कि उनके प्रतिद्वंद्वी को निर्वाचन आयोग से हलफनामे में गलत जानकारी देने की शिकायत करनी चाहिए।’’ सरमा ने कहा कि असम सरकार एलिजाबेथ का ओसीआई/वीजा रद्द करने की मांग करेगी क्योंकि उनकी उपस्थिति भारत के लिए हानिकारक है।

गोगोई की पाकिस्तान की गोपनीय यात्रा

सरमा ने संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि कांग्रेस सांसद ने अपनी शादी से पहले दिसंबर 2013 में पाकिस्तान की ‘‘अत्यंत गोपनीय यात्रा’’ की थी और उस समय वह मुख्यमंत्री के आवास पर ठहरे थे। उनके पिता तरुण गोगोई उस समय असम के मुख्यमंत्री थे। सरमा ने दावा किया, ‘‘असम पुलिस की विशेष शाखा को उस यात्रा के बारे में सूचित नहीं किया गया था। हमें पता चला कि गौरव को इस्लामाबाद और कराची जाने की अनुमति दी गई थी, हालांकि वीजा केवल लाहौर के लिए जारी किया गया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह वहां 10 दिनों तक रुके। हैरानी की बात यह है कि गौरव ने कोई सोशल मीडिया पोस्ट नहीं किया और वह डिजिटल रूप से बिल्कुल शांत थे। हमें संदेह है कि उन्होंने उस दौरान किसी तरह का प्रशिक्षण लिया होगा।’’

गोगोई ने हिमंत की प्रेश कॉन्फ्रेंस को बताया सुपर फ्लॉप

इस संवाददाता सम्मेलन के जारी रहने के दौरान गोगोई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे दिल्ली और असम के उन पत्रकारों पर तरस आता है जिन्हें सदी का सबसे ‘फ्लॉप संवाददाता सम्मेलन’ झेलना पड़ा। यह एक सी-ग्रेड सिनेमा से भी बदतर था।’’ उन्होंने कहा कि असम के ‘‘तथाकथित राजनीतिक रूप से चतुर" मुख्यमंत्री द्वारा ‘‘बेहद बेतुकी और मनगढ़ंत बातें’’ की गई हैं।

गोगोई ने कहा, ‘‘यह ‘सुपरफ्लॉप’ हमारी समय परिवर्तन यात्रा के बिल्कुल विपरीत है, जो मुख्यमंत्री और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा कब्जा की गई 12,000 बीघा जमीन को उजागर करने में सफल रही है।’’

गोगोई ने भारत की सुरक्षा को लेकर जानकारियां लीं

सरमा ने दावा किया कि पाकिस्तान से लौटने और सांसद बनने के बाद गोगोई ने लोकसभा में रक्षा उपकरणों, परमाणु संयंत्रों और अन्य संवेदनशील मुद्दों पर सवाल पूछे, जैसे कि क्या भारत पाकिस्तान में जासूसी कर रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटे को ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद गोगोई ने 2022 में उसका भारतीय पासपोर्ट सौंप दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘गौरव का बेटा भारतीय पासपोर्ट में धर्म के रूप में हिंदू लिखता था, लेकिन नागरिकता बदलने के बाद उसने ऐसा करना बंद कर दिया। उनकी बेटी ने ब्रिटिश पासपोर्ट में ईसाई लिखा है। पासपोर्ट में गौरव का धर्म हिंदू है। इसलिए, वह अपने घर में हमेशा अल्पसंख्यक ही रहेंगे।’’ सरमा ने कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बाद सोनिया गांधी ने अपनी इतालवी नागरिकता छोड़ दी थी और राहुल गांधी को इसकी तुलना गोगोई के मामले से करनी चाहिए।

केंद्र सरकार गोगोई की करे जांच, हमने लिखा

मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि असम पुलिस की एसआईटी ने अपनी जांच के दौरान गोगोई से पूछताछ नहीं की, ‘‘‘क्योंकि वह मौजूदा सांसद हैं। हमने उनके पद का सम्मान करते हुए यह काम केंद्र सरकार पर छोड़ दिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैं गौरव को अभी गिरफ्तार करता हूं, तो मुझ पर चुनाव से पहले राजनीति करने का आरोप लगेगा। गिरफ्तारी एक कठोर कदम है। मुझे लगता है कि गौरव इस समय भारत में सबसे असुरक्षित नेता हैं, क्योंकि पाकिस्तान में उनके 10 दिन के प्रवास के दौरान उनकी सभी गतिविधियों की तस्वीरें ली गई होंगी और उन्हें रिकॉर्ड किया गया होगा।’’

भाजपा नेता ने कहा कि शेख ने संप्रग सरकार के कार्यकाल के दौरान 2010 से 2013 तक 13 बार भारत की यात्रा की और वैश्विक स्तर पर ‘‘भारत विरोधी माहौल’’ बनाने पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा, ‘‘असम सरकार के जांच शुरू करने के बाद शेख ने किसी को बचाने के लिए अपने सभी ट्वीट हटा दिए।’’

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in