

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार राज्य की परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाने जा रही है। परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने बुधवार को फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन्स (फाडा) के पश्चिम बंगाल डीलर कन्वेंशन में आयोजित फायर-साइड चैट के दौरान घोषणा की कि राज्य में सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स (CMVR) को पूरी तरह लागू किया जाएगा और अवैध मल्टी-ब्रांड आउटलेट (MBO) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता नागरिक-केंद्रित और पारदर्शी परिवहन व्यवस्था विकसित करना है। इसके लिए परिवहन विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन और ऑनलाइन सेवाओं का व्यापक उपयोग किया जाएगा। लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, ट्रेड सर्टिफिकेट और अन्य सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बनाया जाएगा, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और पूरी प्रक्रिया जवाबदेह व भ्रष्टाचार मुक्त बने।
अर्जुन सिंह ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में करीब 27 लाख वाहन बिना पंजीकरण के सड़कों पर चल रहे थे, जिनकी संख्या अब लगभग आधी रह गई है। शेष वाहनों का भी शीघ्र पंजीकरण कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण या फिटनेस प्रमाणपत्र वाले वाहनों तथा अवैध मल्टी-ब्रांड आउटलेट के जरिए होने वाले वाहन कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को पहले जागरूकता अभियान चलाने और उसके बाद कानून के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि स्कूल बसों, व्यावसायिक वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के लिए वैध पंजीकरण एवं फिटनेस प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा। दुर्घटना की स्थिति में बीमा और मुआवजे का लाभ भी वैध दस्तावेजों वाले वाहनों को ही मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि कस्बा स्थित परिवहन परिसर को आधुनिक एकीकृत सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां अधिकांश सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। साथ ही विभाग प्रत्येक महीने ऑटोमोबाइल उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा।
बैठक में फाडा ने सरकार के समक्ष CMVR के प्रभावी क्रियान्वयन, अवैध MBO पर रोक, प्री-ओन्ड (पुरानी) गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन, तथा पूरी तरह ऑनलाइन पांच वर्षीय ट्रेड सर्टिफिकेट प्रणाली लागू करने की मांग रखी। फाडा के वाइस प्रेसिडेंट साई गिरिधर ने कहा कि मंत्री द्वारा CMVR लागू करने और अवैध MBO कारोबार समाप्त करने का भरोसा उद्योग के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पुरानी गाड़ियों के पंजीकरण और ऑनलाइन ट्रेड सर्टिफिकेट व्यवस्था लागू होने से नियमों का पालन मजबूत होगा, ग्राहकों को सुविधा मिलेगी और अधिकृत डीलरों के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी कारोबारी माहौल बनेगा।
कार्यक्रम के अंत में फाडा ने राज्य सरकार के आश्वासनों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इन सुधारों से ऑटोमोबाइल क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ेगी, अधिकृत डीलरों के लिए कारोबार आसान होगा तथा सड़क सुरक्षा, डिजिटल गवर्नेंस और नियमों के पालन को नई मजबूती मिलेगी। दोनों पक्षों ने भविष्य में भी नियमित संवाद और सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।