

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। चुनावी तारीखों की आधिकारिक घोषणा से पहले सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियाँ बढ़ गई हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल ने सोमवार को सीईओ कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें स्पेशल इलेक्ट्रोल ऑब्जर्वर सुब्रत गुप्ता समेत ईसीआई के वरिष्ठ अधिकारी, डीईओ, आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी शामिल हुए। बैठक में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 की तैयारियों, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा की गई। इसी के साथ राज्यभर में 480 केंद्रीय कंपनियों की तैनाती का डिप्लॉयमेंट प्लान लागू किया गया है, जिसमें राजधानी कोलकाता को विशेष प्राथमिकता देते हुए सबसे अधिक 30 कंपनियाँ तैनात की जा रही हैं।
दो चरणों में 480 कंपनियों की राज्यव्यापी तैनाती
राज्यभर में सुरक्षा बलों की तैनाती दो चरणों में की जाएगी—
पहला चरण: 240 कंपनियाँ
दूसरा चरण: 240 कंपनियाँ
कुल तैनाती: 480 कंपनियाँ
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह प्लान संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
कोलकाता को विशेष प्राथमिकता, 30 कंपनियां तैनात
कोलकाता पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
- पहले प्लान में 16 कंपनियां
-संशोधित व्यवस्था में कुल 30 कंपनियां
-वीआईपी जोन, घनी आबादी और संवेदनशील बूथों पर फोकस
महानगर में अतिरिक्त पेट्रोलिंग, क्विक रिस्पॉन्स टीम और फ्लैग मार्च की भी तैयारी है।
पूर्व मेदिनीपुर में 28 कंपनियां, संवेदनशील सूची में शामिल
पूर्व मेदिनीपुर जिले में 28 कंपनियां तैनात की जा रही हैं। यह जिला पहले भी चुनावी दृष्टि से संवेदनशील माना जाता रहा है, इसलिए यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
बीरभूम समेत सीमावर्ती जिलों में अतिरिक्त निगरानी
बीरभूम जिले में भी विशेष पेट्रोलिंग और कंपनियों की तैनाती की जा रही है। उत्तरी और सीमावर्ती जिलों में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं।
उत्तर और सीमावर्ती जिलों पर विशेष फोकस
निम्न जिलों/पुलिस इकाइयों में तैनाती की व्यवस्था की गई है:
जिला / कमिश्नरेट कंपनियां
────────────────────────────────────
दार्जिलिंग 11
सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट 5
कालिम्पोंग 4
कूचबिहार 15
अलीपुरद्वार 7
जलपाईगुड़ी 10
इस्लामपुर पुलिस जिला 8
रायगंज पुलिस जिला 10
दक्षिण दिनाजपुर 10
मालदा 10
मुर्शिदाबाद पुलिस जिला 18
जंगीपुर पुलिस जिला 12
कृष्णानगर पुलिस जिला 14
रानाघाट पुलिस जिला 15
हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट 9
हावड़ा ग्रामीण पुलिस जिला 16
हुगली (ग्रामीण) 11
कोलकाता पुलिस 16
चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट 11
बारासात पुलिस जिला 30
बोंगांव पुलिस जिला 11
बसीरहाट पुलिस जिला 6
बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट 17
बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट 5
बारुईपुर पुलिस जिला 13
सुंदरबन पुलिस जिला 6
पूर्व मेदिनीपुर 23
पूर्व बर्दवान 25
पश्चिम मेदिनीपुर 20
झारग्राम 11
बांकुड़ा 13
पुरुलिया 20
बीरभूम 21
डायमंड हार्बर पुलिस जिला 9
संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च, कड़ी निगरानी
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह तैनाती निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए की गई है। विशेष तौर पर कोलकाता और उससे सटे उत्तर 24 परगना क्षेत्र में अतिरिक्त कंपनियां लगाई गई हैं।