राज्य में बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवा का अलर्ट

तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा
राज्य में बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवा का अलर्ट
Published on

सोमवार और मंगलवार से बारिश की बढ़ेगी तीव्रता

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल में इस हफ्ते मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल पर बने साइक्लोन और उत्तर भारत तक फैली मौसम एक्सिस के असर से राज्य में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर शुरू होगा। शुक्रवार को महानगर में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। हालांकि, शनिवार तक महानगर में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सोमवार या मंगलवार तक एक-दो बार हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।

पश्चिम बंगाल में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार हफ्ते के पहले दिन यानी रविवार को झारग्राम और दक्षिण व मध्य 24 परगना में हल्की बारिश हो सकती है। सोमवार से बारिश की तीव्रता बढ़ जाएगी। मिदनापुर के अलावा बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नादिया और हुगली जिलों में भी बारिश की संभावना है। मंगलवार और बुधवार को उत्तर और दक्षिण 24 परगना और नादिया में सबसे अधिक बारिश होने का अनुमान है। बारिश के दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा।

उत्तर बंगाल में मौसम का बदलाव

उत्तर बंगाल में मौसम शुक्रवार से बदलना शुरू होगा। रविवार को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में बारिश की संभावना है। सोमवार और मंगलवार से कूचबिहार, अलीपुरद्वार और दिनाजपुर में हल्की से मध्यम बारिश बढ़ सकती है। मालदा और उत्तर-दक्षिण दिनाजपुर में भी गरज और बिजली के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in