कोलकाता में फिर बदलेगा मौसम, बुधवार को आंधी-बारिश के आसार

सुबह बादलों से ढका रहा आसमान, कहीं-कहीं हुई हल्की बारिश
कोलकाता में फिर बदलेगा मौसम, बुधवार को आंधी-बारिश के आसार
Published on

उत्तर बंगाल में 7 दिनों तक अलर्ट

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सोमवार की सुबह कोलकाता का आसमान बादलों से ढका नजर आया। शहर के कई हिस्सों में हल्की फुहारें भी पड़ीं, लेकिन इससे मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आया। नमी अधिक रहने के कारण दिनभर उमस का असर बना रहा और लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल शहर में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।

कल आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने बुधवार को कोलकाता और हुगली के लिए आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे शहर के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है।

दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भी बारिश के संकेत

उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में सोमवार से गुरुवार तक रुक-रुक कर बारिश हुई। हावड़ा, पूर्व और पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम तथा मुर्शिदाबाद में भी अलग-अलग दिनों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर बंगाल में जारी रहेगा भारी बारिश का दौर

वहीं दूसरी ओर, उत्तर बंगाल में मौसम ज्यादा खराब रहने का अनुमान है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय मानसूनी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बादल, बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in