चुनाव पर मौसम का वार, कई जिलों में अलर्ट

जमकर हुई बारिश और तेज आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त
चुनाव पर मौसम का वार, कई जिलों में अलर्ट
Published on

बंगाल में मौसम का यू-टर्न, गर्मी की जगह बारिश हावी

4 मई को काल बैसाखी का दिखेगा असर

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में इस बार मई का महीना कुछ अलग ही रंग दिखा रहा है। आमतौर पर जहां इस समय भीषण गर्मी पड़ती है, वहीं इस बार बारिश और तूफानों का सिलसिला लगातार जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिया है कि पूरे महीने हर सप्ताह बारिश हो सकती है, जिससे मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। शनिवार सुबह से ही आसमान काले घने बादलों से ढका रहा। दिनभर उमस बनी रही, लेकिन शाम होते ही मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई, जिससे वातावरण ठंडा हो गया।

4 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

दक्षिण बंगाल के कई जिलों में 4 मई, यानी मतगणना के दिन ‘काल बैसाखी’ (Nor’wester) का खतरा मंडरा रहा है। अलीपुर मौसम विभाग ने इस दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। फिलहाल हुगली और नदिया जिलों में तूफान और बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम और पुरुलिया में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अुनसार उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मालदा सहित कुछ अन्य इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मतगणना के दिन उत्तर बंगाल में भी कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है। शनिवार काे कोलकाता का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहा। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in