नयी दिल्ली : उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है। पिछले सात दिन में देशभर के तापमान में 8 से 13 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हुआ है। मंगलवार को पंजाब का बठिंडा 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ देश में सबसे गर्म रहा। वहीं हरियाणा के सिरसा में मंगलवार को पारा 46.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मानसून की रफ्तार थमने से बढ़ा गर्मी का कहर
गौरतलब है कि मानसून जिस रफ्तार से शुरुआत में बढ़ रहा था, उसकी गति में कमी आयी है। पहाड़ी राज्यों सहित उत्तर भारत के इलाकों में 13 जून तक लू (हीटवेव) का कहर देखने को मिलने वाला है। देश के उत्तरी राज्यों- राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश में दो दिन लू का अलर्ट है। राजस्थान में भी गर्मी और लू का तेज असर जारी है।
राजस्थान के 3 शहरों का तापमान 46 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया
मंगलवार को राजस्थान के 3 शहरों का तापमान 46 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में 47.4 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 46.3 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में पारा 46 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.8डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन गर्मी 47डिग्री सेल्सियस जैसी महसूस की गई। बुधवार को दिल्ली का तापमान 45डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देने जा रहा
हालांकि उसके बाद इसमें कमी आयेगी। उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित कई राज्यों में इसके बाद बारिश हो सकती है। जिससे गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार भीषण गर्मी के बीच 13 जून से उत्तर पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देने जा रहा है। इसकी वजह से उत्तर भारत के मौसम में बदलाव आयेगा। इसके अलावा, पश्चिमी भारत की बात करें तो मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़, कोंकण, गोवा में 11 जून, गुजरात में 14-16 जून, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण, गोवा में 12-14 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश रहने वाली है। गोवा, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र में 11-17 जून, मराठवाड़ा में 11-14 जून के बीच भारी बारिश होगी।
पूर्वी व मध्य भारत का हाल
पूर्वी व मध्य भारत की बात करें तो सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा में 11-13 जून, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड में 11-15 जून को बरसात, आंधी तूफान का अलर्ट है। वहीं उत्तर पश्चिम भारत के मौसम को लेकर अपडेट है कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 12-17 जून, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में 13-17 जून, राजस्थान में 14-17 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश होगी। इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तराखंड में 11-17 जून के बीच भारी बारिश होगी। दक्षिण भारत में केरल, माहे, कर्नाटक, लक्षद्वीप में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने वाली है।