कोलकाता को समृद्ध स्मार्ट महानगर में बदलेंगे

बंगाल में भाजपा सरकार ने 43% चुनावी वादे पूरे किए : मंत्री अग्निमित्रा
कोलकाता को समृद्ध स्मार्ट महानगर में बदलेंगे
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य की नई भाजपा सरकार ने हाल में 100 दिन पूरे किए हैं। इस दौरान राज्य सरकार ने कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। सीमा सुरक्षा के लिए बीएसएफ को जमीन मुहैया कराने से लेकर महिलाओं के लिए बस में मुफ्त सफर, आयुष्मान भारत योजना चालू करने से लेकर कई वादे बीजेपी सरकार ने पूरे किए हैं। सरकार का लक्ष्य राज्य को तेजी से आगे ले जाना है। महानगर को समृद्ध स्मार्ट में बदलने का टार्गेट है। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कोलकाता को ‘समृद्ध स्मार्ट महानगर’ में बदलने का दृष्टिकोण पेश किया और रियल एस्टेट क्षेत्र से इस प्रक्रिया में योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सस्ती आवास योजनाओं, आतिथ्य, भंडारण और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में विकास हो रहा है। मंत्री ने लागत कम करने और सुरक्षा बढ़ाने के लिए डिजिटल इंजीनियरिंग और स्मार्ट भवन समाधान सहित आधुनिक निर्माण तकनीकों को अधिक से अधिक अपनाने का आह्वान किया।

क्या कहा मंत्री ने

राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बुधवार को दावा किया कि मई में सत्ता में आने के बाद से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने चुनावी वादों में से ‘‘43 प्रतिशत’’ वादे पूरे कर दिए हैं। यहां आयोजित क्रेडाई ‘कोलकाता टेककॉन 2026’ के मौके पर पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने चुनावी घोषणापत्र में किए गए 43 प्रतिशत वादे पहले ही पूरे कर दिए हैं।’’

सरकार जमीनी स्तर पर विकास कर रही है

मंत्री ने यह भी भरोसा जताया कि राज्य में कॉरपोरेट निवेश की गति तेज होगी। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार जमीनी स्तर पर विकास के लिए काम कर रही है और हमें उम्मीद है कि बड़े पैमाने पर उद्योग राज्य में आएंगे।’’राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय ने इससे पहले कहा था कि सरकार निवेश आकर्षित करने के लिए भूमि और उद्योग के संबंध में अलग-अलग नीतियां ला सकती है।उन्होंने कहा था कि प्रस्तावित उद्योग नीति में निर्यात को बढ़ावा देने के उपाय भी शामिल किए जाएंगे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in