'बची-खुची जमीन को मिट्टी में मिला देंगे' - बिहार से मोदी ने दी चेतावनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मधुबनी से पाकिस्तान द्वारा पाले गए आतंकियों और उनके आकाओं को कड़ा संदेश दिया
'बची-खुची जमीन को मिट्टी में मिला देंगे' - बिहार से मोदी ने दी चेतावनी
Published on: 

मधुबनी - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मधुबनी से आतंकियों और उनके समर्थकों को कड़ा संदेश दिया। बिना पाकिस्तान का नाम लिए उन्होंने उस पर भी सख्त प्रतिक्रिया जताई। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी, इसके बाद उन्होंने आतंकवाद और पाकिस्तान को लेकर सीधी और कड़ी चेतावनी दी।

कल्पना से भी बड़ी सजा मिलकर रहेगी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह हमला सिर्फ निर्दोष पर्यटकों पर नहीं, बल्कि देश की आत्मा पर वार है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस हमले के पीछे जो आतंकी हैं, उन्हें ऐसी सजा दी जाएगी जो उनकी सोच से भी परे होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार आतंकवाद की कमर पूरी तरह तोड़ने के लिए ठोस और निर्णायक कार्रवाई करेगी।

आतंकियों की बची-खुची जमीन को मिट्टी में मिलाने का वक्त

प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि आतंकवादियों के बचे-कुचे ठिकानों को पूरी तरह मिटा दिया जाए। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय मिलकर हर आतंकी को पहचानेंगे, उसका पीछा करेंगे और उसे सजा दिलाएंगे। भारत की आत्मा को कोई भी नहीं तोड़ सकता। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत को विकसित बनाना है तो विकसित बिहार उसकी अहम नींव है।

भावुक होते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद भारत की हिम्मत को नहीं डिगा सकता। उन्होंने बिहार की धरती से दो टूक कहा कि आतंकियों और उनके समर्थकों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। अपने संबोधन में उन्होंने पीड़ितों की पीड़ा को याद करते हुए कहा कि किसी ने अपना बेटा खोया, किसी ने भाई या जीवनसाथी को। हमले में जान गंवाने वालों में अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले लोग शामिल थे—कोई ओडिशा से था, कोई गुजरात से, तो कोई बिहार का लाल था। उन्होंने कहा कि आज कारगिल से कन्याकुमारी तक हर कोना इस दुख को एक जैसा महसूस कर रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News