मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वीडियो कॉल कर दी टॉपर अद्रित पाल को बधाई

WB HS Result 2026: CM Suvendu Adhikari Congratulates Topper Adrit Pal.
वीडियो कॉल पर टॉपर अद्रित पाल से बात करतें सीएम शुभेंदु अधिकारी REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बरानगर/ कोलकाता: पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) द्वारा वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष उत्तीर्ण होने वाले छात्रों का कुल प्रतिशत 91.23% रहा है। मेधा सूची में कुल 64 छात्रों ने अपनी जगह बनाई है, जिनमें नरेंद्रपुर रामकृष्ण मिशन के छात्र अद्रित पाल 496 अंक प्राप्त कर राज्य में प्रथम स्थान पर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अद्रित पाल और पांचवें स्थान पर रहीं मेघा मजूमदार से बात की। मुख्यमंत्री शुभेंदु ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा, "इन छात्रों ने कठोर परिश्रम और एकाग्रता के माध्यम से पूरे राज्य के सामने एक प्रेरणादायक दृष्टांत (मिसाल) स्थापित किया है।" उन्होंने मेधावियों को जल्द ही सचिवालय बुलाकर सम्मानित करने का भी आश्वासन दिया।

 बैरकपुर के एसडीओ यादव सूर्यभान अच्छेलाल और बरानगर के एसीपी सिद्धार्थ सिंह डांगी ने अद्रित से मुलाकात की
बैरकपुर के एसडीओ यादव सूर्यभान अच्छेलाल और बरानगर के एसीपी सिद्धार्थ सिंह डांगी ने अद्रित से मुलाकात की

प्रशासनिक अधिकारियों का अभिनंदन

अद्रित की इस शानदार सफलता पर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उनके घर जाकर उन्हें बधाई दी। बैरकपुर के एसडीओ यादव सूर्यभान अच्छेलाल और बरानगर के एसीपी सिद्धार्थ सिंह डांगी ने अद्रित से मुलाकात की। उन्होंने अद्रित की मेधा की सराहना की और भविष्य में उच्च शिक्षा के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सफलता की कहानी

अद्रित पाल माध्यमिक परीक्षा में मात्र 1 अंक से रैंक चूक गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और उच्च माध्यमिक में टॉप कर अपनी कसर पूरी की। अद्रित ने बताया कि वे रोजाना 6 घंटे पढ़ाई करते थे और आगे चलकर विज्ञान (Science) में रिसर्च करना चाहते हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in