

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव : दुर्गापूजा से पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने राशन कार्डधारक परिवारों के लिए विशेष ‘फेस्टिव पैकेज’ की घोषणा की है। खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनिया ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के करीब 2.12 करोड़ राशन कार्डधारक परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा। पैकेज के तहत चीनी, गेहूं और सूजी बाजार कीमत के मुकाबले 50 प्रतिशत छूट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रत्येक परिवार को चीनी, गेहूं और सूजी
योजना के तहत प्रत्येक पात्र राशन कार्डधारक परिवार को 1 किलो चीनी, 1 किलो गेहूं और 250 ग्राम सूजी दी जाएगी। इन वस्तुओं की कीमत बाजार दर की आधी होगी। सरकार के मुताबिक, पहले राशन व्यवस्था के तहत कुछ श्रेणी के लाभार्थियों को सीमित छूट मिलती थी, लेकिन इस बार दायरा बढ़ाकर करीब 2.12 करोड़ परिवारों तक किया गया है।
योजना पर 114 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च
खाद्य मंत्री के अनुसार, राज्य सरकार इस फेस्टिव पैकेज के लिए करीब 114 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च करेगी। सरकार की ओर से पहले इन खाद्य सामग्री को पूरी तरह मुफ्त देने की योजना पर विचार किया गया था, लेकिन मौजूदा वित्तीय परिस्थितियों को देखते हुए इस वर्ष 50 प्रतिशत छूट देने का फैसला किया गया है। मंत्री ने कहा कि यदि भविष्य में राज्य की वित्तीय स्थिति अनुकूल रहती है, तो अगले वर्ष पूजा के दौरान इन वस्तुओं को मुफ्त उपलब्ध कराने की योजना पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह पैकेज किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के सभी पात्र राशन कार्डधारक परिवारों के लिए है।