AITUC के नेतृत्व में आज से शुरू होगा सप्ताह भर का अभियान

राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा
मांगो को जारी किया गया पोस्टर
मांगो को जारी किया गया पोस्टर
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर परिवहन क्षेत्र के श्रमिकों ने अपनी ताकत झोंक दी है। AITUC (ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस) से जुड़ी परिवहन क्षेत्र की यूनियनों ने वाम मोर्चा (Left Front) के उम्मीदवारों के समर्थन में एक व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह महाभियान शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को सियालदह स्थित रिलायंस मार्केट के पास से शाम 4 बजे शुरू होगा।

सप्ताह भर गूँजेगी आवाज

यूनियन के नेता एन.के. श्रीवास्तव के अनुसार, यह अभियान 25 अप्रैल तक लगातार एक सप्ताह चलेगा। कोलकाता के प्रमुख केंद्रों जैसे सियालदह, बड़ाबाजार का मालापाड़ा टैक्सी स्टैंड, हावड़ा स्टेशन, श्यामबाजार क्रॉसिंग और टॉलीगंज मेट्रो स्टेशन के पास बड़ी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में परिवहन क्षेत्र के हजारों श्रमिकों के शामिल होने की उम्मीद है।

मुद्दे और माँगें

इस अभियान के जरिए वामपंथी संगठन राज्य और केंद्र सरकार की उन नीतियों को उजागर करेंगे, जिन्हें वे जनविरोधी और परिवहन क्षेत्र के लिए हानिकारक मानते हैं। प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं:

  • परिवहन क्षेत्र का संरक्षण और श्रमिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा।

  • बिना किसी वैध कारण के मतदाता सूची से नाम हटाने के चुनाव आयोग के कथित उदासीन रवैये के खिलाफ विरोध।

  • आम जनता के हितों की अनदेखी करने वाली सरकारी नीतियों का पर्दाफाश।

यूनियन ने आम जनता और श्रमिकों से अपील की है कि वे परिवहन क्षेत्र के अस्तित्व को बचाने के लिए वाम मोर्चा के पक्ष में मतदान करें।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in