

यूनिवर्सिटी कर रही समाधान पर विचार
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता के सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों में इस बार वोटिंग और सेमेस्टर एग्जाम एक साथ होने से अफरातफरी मच गई है। स्कूलों और कॉलेजों में सेंट्रल फोर्स के जवानों की तैनाती के कारण क्लास लेना मुश्किल हो गया है। कॉलेज प्रशासन अब एग्जाम कराने के लिए यूनिवर्सिटी से विकल्प मांग रहा है। सेंट्रल फोर्स ने साउथ कोलकाता के चारूचंद्र कॉलेज में कब्जा कर लिया है। यहां केवल 10-11 क्लासरूम ही उपयोग में हैं। उत्तर कोलकाता के सेठ आनंदराम जयपुरिया कॉलेज में भी दो कंपनियां और तकनीकी टीम मंगलवार यानी आज से रहेंगी। प्रिंसिपल मधुचंदा लाहिड़ी ने कहा, “कोलकाता के कॉलेजों में पहले से ही जगह की कमी है। अगर सेंट्रल फोर्स की दो कंपनियां होंगी तो क्लास चलाना मुश्किल होगा। हमने यूनिवर्सिटी को अपनी समस्याओं के बारे में लिख दिया है।
तीसरे और पांचवें सेमेस्टर के प्रैक्टिकल 27 मार्च से
एग्जाम शेड्यूल के अनुसार, BA, B.Sc और B.Com (ऑनर्स और मेजर) 2025 के तीसरे और पांचवें सेमेस्टर और वोकेशनल कोर्स के तीसरे सेमेस्टर के एग्जाम 27 मार्च से 24 अप्रैल तक होंगे। BA और B.Sc के पहले प्रैक्टिकल 27 मार्च से 21 अप्रैल तक निर्धारित हैं। यूनिवर्सिटी ने कॉलेजों से समाधान के लिए बातचीत शुरू कर दी है। वाइस-चांसलर आशुतोष घोष ने कहा कि जिन कॉलेजों में फोर्स मौजूद है, वहां एग्जाम पास के कॉलेजों में कराए जाएंगे। तय समय पर एग्जाम आयोजित होंगे। लोकल एडमिनिस्ट्रेशन से भी संपर्क किया जा रहा है।