

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विश्वकर्मा पूजा की तैयारियों के बीच कोलकाता और आसपास के इलाकों में बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। गुरुवार को आसमान में छाए काले बादलों और घने अंधेरे के बीच दोपहर के समय जमकर बिजली कड़की, जिससे शहर में अंधेरा छा गया। अलीपुर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आसमान में अत्यधिक जलवाष्प होने के कारण गरज के साथ यह दौर शुरू हुआ, जो साल्ट लेक, बिधाननगर, न्यूटाउन, सेंट्रल एवेन्यू और उत्तर कोलकाता समेत कई हिस्सों में फैल गया। दुर्गा पूजा में महज 30 दिन शेष रहने के बावजूद लगातार हो रही इस बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
ऑरेंज अलर्ट और तेज हवाओं का प्रकोप
मौसम विभाग ने पूर्व-पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, हावड़ा, हुगली, बांकुड़ा और पुरुलिया में गरज के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इस खराब मौसम का असर शुक्रवार यानी आज भी पूरे दक्षिण बंगाल में स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा। खराब मौसम के इस सिलसिले को देखते हुए दक्षिण बंगाल के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का यह दौर रविवार तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि बारिश और त्योहारी सीजन की तैयारियों के बीच चल रही गतिविधियों के कारण लोगों को थोड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए प्रशासन और आम नागरिकों को पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।