निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कमरहट्टी : कमरहट्टी के आड़ियादह इलाके में इन दिनों रात के सन्नाटे में दहशत का पहरा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ सीसीटीवी फुटेज ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सुनसान सड़कों पर एक युवती अजीबोगरीब हरकतें कर रही है और बच्चों के रोने जैसी डरावनी आवाजें सुनाई दे रही हैं। हालांकि, प्रशासन ने इसे भूत-प्रेत की घटना मानने से इनकार करते हुए वैज्ञानिक सोच रखने की अपील की है।
क्या है वायरल वीडियो में?
आरोप है कि वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि आधी रात को जब सड़कें पूरी तरह सुनसान हैं, तब एक युवती अकेले टहल रही है। अचानक वह सड़क पर गिर जाती है और उसके मुंह से छोटे बच्चों के रोने जैसी अजीब और डरावनी आवाजें निकलने लगती हैं। स्थानीय निवासियों का दावा है कि आड़ियदह मैदान से लेकर बिंदबासिनीतला, नवदापाड़ा शिशुतीर्थ स्कूल, शखेरबाजार मोड़ और घोषाल रोड जैसे इलाकों में रात के समय ऐसी आवाजें सुनी जा रही हैं। हालांकि सन्मार्ग फुटेज की सत्यतता की पुष्टि नहीं करता।
अफवाह और हकीकत के बीच फंसा इलाका
इन वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में दो तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे अलौकिक शक्ति या 'भूत' मानकर डरे हुए हैं, तो कुछ इसे महज अफवाह और वीडियो के साथ छेड़छाड़ बता रहे हैं। तनाव इतना बढ़ गया है कि लोग रात में घर से निकलने में कतरा रहे हैं।
पार्षद की सफाई: बीमारी है, भूत नहीं
बढ़ते तनाव को देखते हुए अड़ियादह के पार्षद दीपांशु घोषाल ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया, "मुझे जानकारी मिली है कि एक युवती तंत्रिका संबंधी रोग (स्नायु रोग) से पीड़ित है। वह आधी रात को अचानक घर से निकलकर इस तरह का व्यवहार और आवाजें कर रही थी। उसका इलाज शुरू कर दिया गया है।" उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर भूत-प्रेत की अफवाह न फैलाएं और विज्ञान सम्मत सोच अपनाएं।
पुलिस की भूमिका
दक्षिणेश्वर थाना पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस फुटेज की सत्यता और युवती की पहचान की जांच कर रही है ताकि इलाके में शांति बहाल की जा सके।