

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कमरहट्टी : चुनाव परिणामों के बाद बंगाल की राजनीति में गरमाहट कम होने का नाम नहीं ले रही है। ताजा घटना कमरहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 23 की है, जहाँ कल रात भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि उत्तर 24 परगना के कद्दावर नेता मदन मित्रा के 'फेसबुक लाइव' से प्रेरित होकर उनके करीबी सहयोगी संदीप दास के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, कल रात भाजपा के एक प्रमुख सदस्य शिवनाथ दास अपने एक साथी कार्यकर्ता से मिलने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। घटना की सूचना मिलते ही बेलघोरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन कथित तौर पर पीड़ित शिवनाथ दास को ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
भाजपा का विरोध और पुलिस का हस्तक्षेप
जैसे ही शिवनाथ दास को हिरासत में लेने की खबर फैली, भाजपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बेलघोरिया थाने पहुँच गए। कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रही है। बढ़ते दबाव के बाद पुलिस को शिवनाथ दास को छोड़ना पड़ा।
मदन मित्रा पर भड़के भाजपा नेता
मौके पर पहुँचे कमरहाटी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार अरूप चौधरी और वरिष्ठ अधिवक्ता व भाजपा नेता सुदीप्तो राय ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। भाजपा नेतृत्व का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस अपनी हार को पचा नहीं पा रही है। मदन मित्रा के फेसबुक लाइव में दिए गए उत्तेजक बयानों के कारण ही उनके समर्थक हिंसा पर उतारू हैं।