बनगांव लोकल में यात्री ने फोड़ा दूसरे का सिर, भीड़ ने की जमकर धुनाई

Violence in Bongaon Local: Drunk Passenger Attacks Co-passenger, Mob Retaliates.
फाइल फोटोREP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बनगांव : बुधवार की रात बनगांव लोकल में जो हुआ उसने यात्रियों को दहला दिया। ऑफिस से घर लौट रहे यात्रियों की भारी भीड़ के बीच दो यात्रियों में हुई झड़प से पूरी बोगी में ही हड़कंप की स्थिति बन गयी।

क्या है पूरा मामला?

घटना बुधवार की रात की है जब सियालदह स्टेशन से बनगांव लोकल रवाना हुई थी। चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रेन के छूटने के कुछ ही देर बाद दो यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि अभिजीत पाल नामक एक यात्री, जो नशे की हालत में था, ने हिंसक होते हुए दूसरे यात्री कृष्ण पर हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि कृष्ण का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गए।

यात्रियों का फूटा गुस्सा

बोगी में खून फैलता देख बाकी यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। उत्तेजित भीड़ ने आरोपी अभिजीत को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि हाथापाई में आरोपी के कपड़े तक फट गए। चलती ट्रेन में मचे इस तांडव से अन्य यात्री, विशेषकर महिलाएं और बच्चे, दहशत में आ गए।

जीआरपी ने किया गिरफ्तार

ट्रेन के कैंटोनमेंट स्टेशन पहुँचते ही यात्रियों ने दोनों को नीचे उतारा। घायल कृष्ण, जो मध्यमग्राम के निवासी बताए जा रहे हैं, को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। वहीं, यात्रियों ने आरोपी अभिजीत पाल को जीआरपी (जीआरबी) के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असली जड़ क्या थी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in