उत्तर अंडमान के खुदीरामपुर में नए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों का आक्रोश

डिगलीपुर के खुदीरामपुर में सड़क निर्माण पर नाराजगी
उत्तर अंडमान के खुदीरामपुर में नए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों का आक्रोश
Published on: 

नया सड़क निर्माण मात्र 10–15 दिन में उखड़ने लगा

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : डिगलीपुर क्षेत्र के खुदीरामपुर वार्ड नंबर दो में हाल ही में बनी सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क को कई वर्षों की प्रतीक्षा के बाद बनाया गया, वह मात्र 10–15 दिनों में ही उखड़ने लगी है। जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और सड़क की सतह हाथ लगाने मात्र से टूट रही है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण के समय छह साल की गारंटी की बात कही गई थी, लेकिन निर्माण पूरा होने से पहले ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। उनका आरोप है कि सड़क में न तो उचित मोटाई है और न ही आवश्यक कोलतार का उपयोग किया गया है। नीचे केवल धूल और रबिश डालकर ऊपर से परत चढ़ा दी गई, जिससे सड़क टिकाऊ नहीं रह पाई। ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर सड़क के किनारे ऊंचे रैंप बने हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। पानी के टैंकर और भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क की हालत और खराब हो रही है। उनका कहना है कि यदि 15 दिनों में ही सड़क इस हालत में पहुंच गई है, तो पांच या छह साल तक इसका टिकना असंभव है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने मौके पर आकर सड़क की स्थिति देखने का अनुरोध किया, तो उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया और सड़क को “परफेक्ट” बताया गया। कुछ लोगों ने दोष ग्रामीणों या बारिश पर मढ़ने की कोशिश की, जिसे ग्रामीणों ने सिरे से खारिज कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि 25 साल बाद उनके क्षेत्र में सड़क बनी थी, जिससे खुशी होनी चाहिए थी, लेकिन घटिया निर्माण के कारण अब आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि केवल पैचवर्क या मरम्मत के बजाय पूरी सड़क को मानकों के अनुसार दोबारा बनाया जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यह जनता के पैसे से बना काम है और वे गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेंगे।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in