मोदी-बालेन शाह ने जारी किया ‘विकसित भारत, समुन्नत नेपाल का साझा विजन’ दस्तावेज

द्विपक्षीय वार्ता में भारत ने किया नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये की सहायता का ऐलान, 1950 की संधि की समीक्षा पर सहमति
modi-balen shah bilateral talk in delhi
नयी दिल्ली में हुई मोदी-बालेन शाह द्विपक्षीय बैठक
Published on: 

नयी दिल्ली : भारत और नेपाल ने अपने ऐतिहासिक संबंधों को आधुनिक आर्थिक, तकनीकी और विकासात्मक साझेदारी में बदलने के लिए दस स्तंभों पर आधारित साझा दृष्टि दस्तावेज अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बीच सोमवार को राजधानी दिल्ली में हुई वार्ता के बाद जारी दस्तावेज में भारत ने नेपाल को 15,000 करोड़ रुपये की विकास सहायता देने की घोषणा की है। इसमें 3,500 करोड़ रुपये अनुदान के रूप में आपदा पुनर्निर्माण और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए तथा 11,500 करोड़ रुपये की ऋण सुविधा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए होगी।

अयोध्या-जनकपुर सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा

दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत के ‘विकसित भारत-2047’ और नेपाल के ‘समुन्नत नेपाल’ के लक्ष्यों में समानताओं को रेखांकित करते हुए व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों देशों ने मौजूदा द्विपक्षीय समझौतों, विशेषकर 1950 की शांति एवं मैत्री संधि की आपसी सहमति से समीक्षा करने और जल संसाधन, ऊर्जा, व्यापार तथा सीमा संबंधी लंबित मुद्दों को बातचीत से सुलझाने पर भी सहमति व्यक्त की। भारत और नेपाल के बीच अयोध्या-जनकपुर सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा तथा धारचूला-दार्चुला के बीच महाकाली नदी पर मोटर योग्य पुल शुरू होने का स्वागत किया गया। जयनगर-बर्दीबास और जोगबनी-बिराटनगर रेल परियोजनाओं के शेष कार्य शीघ्र पूरे करने तथा रक्सौल-काठमांडू रेल संपर्क और नेपाल के पूर्व-पश्चिम रेल नेटवर्क के विकास पर सहयोग होगा।

सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन पर भी सहमति

सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन, नये सड़क पुलों और व्यापारिक केंद्रों के विकास पर भी सहमति बनी। यूपीआई और नेपाल की भुगतान प्रणाली के बीच संपर्क के आधार पर सीमा पार खुदरा भुगतान व्यवस्था को गति दी जायेगी। दोनों देश पंचेश्वर तथा सप्तकोशी-सुनकोशी बहुउद्देशीय परियोजनाओं को आगे बढ़ायेगे। बाढ़ पूर्व चेतावनी, हिमनद झीलों की निगरानी और मौसम संबंधी आंकड़ों के वास्तविक समय में आदान-प्रदान की व्यवस्था भी विकसित की जायेगी।

काठमांडू में स्टार्टअप उत्कृष्टता केंद्र

तकनीक के क्षेत्र में काठमांडू में स्टार्टअप उत्कृष्टता केंद्र, पोखरा में डिजिटल नोमैड्स एवं इनोवेशन हब और नेपाली भाषा का लार्ज लैंग्वेज मॉडल विकसित करने की योजना है। भारत नेपाल में राष्ट्रीय क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना और खेल बुनियादी ढांचे के विकास में सहायता करेगा। भारतीय अनुदान से नेपाल में कृषि-औद्योगिक पार्क बनाया जायेगा। समझौतों और परियोजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए नेपाल के विदेश सचिव और भारत के राजदूत के नेतृत्व में उच्चस्तरीय निगरानी समूह सक्रिय किया जायेगा। इसकी बैठक कम से कम छह महीने में एक बार होगी। समूह अपनी रिपोर्ट दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की सह-अध्यक्षता वाले संयुक्त आयोग को देगा।

8 समझौता ज्ञापनों पर साइन

बैठक के बाद भारत और नेपाल के बीच कुल 8 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर साइन किये गये। इन समझौतों का मकसद नेपाल को तकनीक, प्रशिक्षण और विकास के क्षेत्र में मदद देना है। भारत और नेपाल के बीच हुए 8 बड़े समझौते इस प्रकार हैं-

1.भारत और नेपाल अंतरिक्ष और संचार के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने का समझौता हुआ है। इससे नेपाल को संचार सेवाओं और तकनीक का लाभ मिलेगा।

2. गुजरात के गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत दोनों संस्थान अपराधों की जांच, फॉरेंसिक तकनीक और रिसर्च के क्षेत्र में एक-दूसरे की मदद करेंगे।

3. भारत की राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी (RRU) और नेपाल की नेशनल पुलिस एकेडमी के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत पुलिस अधिकारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिसिंग से जुड़ी नई तकनीकों को साझा करने में मदद मिलेगी।

4.भारत के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत नेपाल के सरकारी अधिकारियों को प्रशासन चलाने, सरकारी योजनाओं को लागू करने और बेहतर शासन व्यवस्था के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

5. भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और नेपाल के स्वास्थ्य व खाद्य सुरक्षा मंत्रालय के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत दोनों देश चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य से जुड़ी तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे।

6. दोनों देशों ने आयुर्वेद और दूसरी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर समझौता किया है। इससे आयुर्वेद से जुड़ी जानकारी, शोध और इलाज के तरीकों को साझा करने का रास्ता खुलेगा।

7. भारत और नेपाल के बीच टिकाऊ शहरी विकास को लेकर तकनीकी सहयोग का समझौता हुआ है। इसके तहत शहरों की बेहतर योजना बनाने, बुनियादी सुविधाएं विकसित करने और पर्यावरण के अनुकूल शहरी विकास पर मिलकर काम किया जाएगा।

8.दोनों देशों ने पशुधन और मछली पालन के विकास के लिए भी समझौता किया है। इससे पशुपालन, मछली उत्पादन, तकनीक और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News