विद्यासागर सेतु पर ट्रैफिक प्रतिबंध, हावड़ा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी !

विशेष रूप से मालवाहक वाहनों के लिए कई मार्गों पर रोक लगाई गई है
Vidyasagar Setu Traffic Advisory: Major Diversions on Kona Expressway for Repair Work
हावड़ा सिटी पुलिस द्वारा जारी डायवर्सन मैप
Published on

निधि, संवाददाता

हावड़ा : दूसरे हुगली पुल (विद्यासागर सेतु) पर मरम्मत कार्य के कारण आज यानी रविवार को हावड़ा और कोलकाता के बीच यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। हावड़ा सिटी पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक नोटिफिकेशन के अनुसार सुबह 4:30 बजे से रात 9:30 बजे तक कोना एक्सप्रेसवे (एनएच-117) से विद्यासागर सेतु की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। पुल के स्टे और होल्डिंग डाउन केबल्स तथा बियरिंग बदलने के कार्य को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की अपील की है। जारी निर्देशों के अनुसार निबरा, कोना ट्रक टर्मिनल, आलमपुर मोड़, सलप मोड़, चट्टेरेपाड़ा, शानपुर मोड़ और काजीपाड़ा समेत कई स्थानों से विद्यासागर सेतु की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। विशेष रूप से मालवाहक वाहनों के लिए कई मार्गों पर रोक लगाई गई है ताकि यातायात दबाव को नियंत्रित किया जा सके।

सांतरागाछी स्टेशन इलाके में छोटे वाहनों के लिए भी विशेष डायवर्जन

कोलकाता जाने वाले सामान्य वाहनों को रवींद्र सेतु (हावड़ा ब्रिज), निवेदिता सेतु और विवेकानंद सेतु (ओल्ड बाली ब्रिज) के जरिए जाने की सलाह दी गई है। वहीं कोलाघाट, डानकुनी और अन्य इलाकों से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। हावड़ा से कोलकाता तथा कोलकाता से हावड़ा आने-जाने वाले यात्रियों को ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। सांतरागाछी स्टेशन जाने वाले छोटे वाहनों के लिए भी विशेष डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मी किसी भी मार्ग पर अतिरिक्त डायवर्जन लागू कर सकते हैं। ऐसे में वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि वे ट्रैफिक संकेतों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें ताकि यातायात सुचारु बना रहे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in