

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: कोलकाता और हावड़ा को जोड़ने वाले दो प्रमुख पुलों—द्वितीय हुगली ब्रिज (विद्यासागर सेतु) और बाली ब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते ट्रैफिक प्रशासन ने बड़े बदलाव किए हैं। यात्रियों की सुविधा और सुचारू यातायात के लिए 26 जुलाई (रविवार) को विद्यासागर सेतु और 27 जुलाई (सोमवार) से बाली ब्रिज पर नई डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। विद्यासागर सेतु की केबल्स और बेयरिंग्स की मरम्मत कार्य के लिए रविवार, 26 जुलाई को सुबह 5:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक सेतु और कोना एक्सप्रेसवे पर पूरी तरह से यातायात प्रतिबंधित रहेगा। हावड़ा के पुलिस आयुक्त अखिलेश कुमार चतुर्वेदी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस दौरान कोलकाता जाने वाले छोटे वाहनों और बसों को हावड़ा ब्रिज (रवींद्र सेतु), निवेदिता सेतु या पुराने बाली ब्रिज (विवेकानंद सेतु) की ओर डाइवर्ट किया जाएगा। कोलाघाट और डानकुनी की तरफ से आने वाले वाहन भी निवेदिता सेतु के रास्ते अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे। संतरागाछी स्टेशन जाने वाले छोटे वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है।
बाली ब्रिज की एक लेन रहेगा बंद, बसें निवेदिता सेतु से चलेंगी !
दूसरी ओर बताया जा रहा है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा मरम्मत कार्य के चलते बाली ब्रिज की दिल्ली रोड और बॉम्बे रोड की ओर जाने वाली एक लेन 27 जुलाई (सोमवार) से अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इस दौरान यात्रियों की परेशानी कम करने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए नई यातायात व्यवस्था लागू की जा सकती है। व्यवस्था के अनुसार, डनलप से दिल्ली रोड या बॉम्बे रोड की ओर जाने वाली सभी सरकारी और निजी बसों को अब निवेदिता सेतु के रास्ते संचालित किया जाएगा। इस व्यवस्था को लेकर हावड़ा के जिला मजिस्ट्रेट, ट्रैफिक विभाग, मोटर वाहन विभाग तथा पश्चिम बंगाल बस एवं मिनीबस ओनर्स एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप नारायण बोस की मौजूदगी में संयुक्त बैठक हुई, जिसमें इस रूट डायवर्जन की संभावना है।
बस एसोसिएशन ने डीएम से निवेदिता सेतु पर टोल-फ्री प्रवेश की मांग रखी
बाली ब्रिज पर आवाजाही के बंद या सीमित होने को लेकर हालांकि वेस्ट बंगाल बस एंड मिनीबस ओनर्स एसोसिएशनने हावड़ा की जिला मजिस्ट्रेट को एक तत्काल पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी प्रदीप नारायण बोस ने बताया कि इस फैसले से लगभग 30 रूटों की करीब 800 से 1000 बसें और उन पर निर्भर हजारों यात्री सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। वहीं उन्होंने निवेदिता सेतु पर टोल-फ्री प्रवेश की भी की मांग की। उनका कहना है कि बाली ब्रिज का एक लेन बंद होने के कारण जिन स्थानीय रूट की बसों को निवेदिता सेतु का उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा अतः कम से कम उन्हें टोल से पूरी छूट दी जाए। साथ ही उनकी मांग है कि बाली हॉल्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) की हाईवे वॉल का एक सुरक्षित हिस्सा हटाया या संशोधित किया जाए।
यह है सरकारी और निजी रूटों की जानकारी जो उक्त तीनों जिलों में संचालित होती हैं
* एनडीआरटीसी (NDRTC): 70 बसें
* श्यामबाजार से बागनान: 56 बसें
* हाड़ोवा से डानकुनी: 40 बसें
* घाटाल से कोलकाता स्टेशन: 38 बसें
* रूट 79: 36 बसें
* बाली हॉल्ट से करुणामयी: 32 बसें
* डानकुनी से कमालगाछी: 30 बसें
* आलमपुर से सापूरजी: 28 बसें
* बारसात से उलुबेरिया: 26 बसें
* रूट 26: 25 बसें
* सालाप से बैरकपुर: 23 बसें
* बारसात से डानकुनी: 22 बसें
* इसके अलावा डानकुनी, सालाप, आमता, बारासात, दीघा और एसी सरकारी बसों (AC 23, AC 50) समेत अन्य कई रूटों पर परिवहन डायवर्सन प्रभावित हो रहा है।