वीडियो एआई द्वारा तैयार किया गया, कोर्ट जाऊंगा : हुमायूं

हुमायूं कबीर
हुमायूं कबीर
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आम जनता उन्नयन पार्टी के चेयरमैन हुमायूं कबीर ने उनसे संबंधित कथित वीडियो को एआई से तैयार किया हुआ बताते हुए खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह तृणमूल की चाल है, इस वीडियो के पीछे तृणमूल का कारनामा है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर तृणमूल इस वीडियो की सत्यता साबित नहीं कर पाती है तो वह कोर्ट जायेंगे और मानहानि का दावा ठोंकेंगे। अगर मैं गलत साबित होता हूं तो बंगाल की जनता के सामने हाथ जाेड़कर माफी मांग लूंगा और राजनीति को अलविदा कह दूंगा। हुमायूं ने कहा कि तृणमूल मुझसे राजनीतिक रूप से मुकाबला नहीं कर पा रही है इसलिए यह सब डीप फेक वीडियो बना रही है। उन्होंने कहा, यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) द्वारा किया गया है। उन्होंने सीधे चुनौती दी और सबूत दिखाने को कहा।

कबीर ने कहा कि 1000 करोड़ रुपये की बात तो छोड़िए, अगर 1 करोड़ रुपये का भी लेन-देन हुआ है, अगर वे ऐसा सबूत दिखा सकते हैं, तो राज्य की जनता चाहे जो कहे, मैं सभी चुनावों से अपना नाम वापस ले लूंगा। अगर वे (तृणमूल नेता) इस वीडियो की सत्यता साबित नहीं कर सकेंगे, तो मैं झूठा बदनाम करने के लिए हाई कोर्ट में केस करूंगा। उनका दावा है कि वे जहां भी जाते हैं, अल्पसंख्यक, चाहे पुरुष हों या महिला, उनका समर्थन करते हैं। तृणमूल इसे देखकर डर गई है। ज्ञात हो कि हुमायूं कबीर को गत वर्ष तृणमूल ने पार्टी से बहिष्कृत कर दिया है। हुमायूं कबीर ने तृणमूल के कई नेताओं पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें रुपये लेते हुए देखा गया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in