उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्र के लिए 1200 करोड़ रुपये का पैकेज

उत्तराखंड पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, आपदाग्रस्त क्षेत्रों में हालात की समीक्षा की
Uttarakhand gets Rs 1,200 crore flood relief package
एनडीआरएफ-एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीमों के साथ बातचीत करते मोदी। -
Published on

देहरादून : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में अतिवृष्टि, भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रदेश के लिए 1200 करोड़ रू की वित्तीय मदद की घोषणा की। इस दौरान, प्रधानमंत्री ने आपदा में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए दो .दो लाख रु तथा घायलों के लिए 50.50 हजार रु की अनुग्रह राशि की भी घोषणा की। मोदी ने हाल में आयी बाढ़ तथा भूस्खलन के कारण अनाथ हुए बच्चों के लिए केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत व्यापक मदद की भी घोषणा की। बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी को आज आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया। बैठक में उत्तराखंड के राज्यपाल ले. जन. गुरमीत सिंह (सेवानिवृत), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री का किया स्वागत : इसके पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार शाम को देहरादून के निकट जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी का प्रदेशवासियों के बीच मौजूद होना प्रभावितों के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस मानसून सीजन में उत्तरकाशी जिले में धराली-हर्षिल, चमोली में थराली, बागेश्वर में कपकोट, पौड़ी में सैंजी जैसे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अतिवृष्टि, बादल फटने, बाढ़, भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से भारी तबाही हुई है। नवीनतम आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष एक अप्रैल से अब तक प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं की घटनाओं में 81 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 94 अन्य लापता हैं। इन आपदाओं में 80 लोग घायल भी हुए हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in