अमेरिकी उप राष्ट्रपति ने किया ताजमहल का दीदार, कहा- यह अद्भुत है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
अमेरिकी उप राष्ट्रपति ने किया ताजमहल का दीदार, कहा- यह अद्भुत है
Published on

आगरा : अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस ने सपरिवार आगरा पहुंचकर ताजमहल का दीदार किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने, अपनी पत्नी ऊषा और बच्चों के साथ आगरा पहुंचे वेंस की खेरिया हवाई अड्डे पर अगवानी की। उसके बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति कार से ताजमहल परिसर पहुंचे और मोहब्बत की मिसाल मानी जाने वाली इस विश्व धरोहर का दीदार किया। वेंस ने ताजमहल का भ्रमण करने के बाद आगंतुक डायरी में लिखा, ताजमहल अद्भुत है। यह सच्चे प्रेम, मानवीय प्रतिभा का प्रमाण है और भारत जैसे महान देश की एक लाजवाब कृति है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस और उनके परिवार का उत्तर प्रदेश में हार्दिक स्वागत है। यह भारत का पवित्र हृदय स्थल है और अपनी शाश्वत भक्ति, जीवंत संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति का काफिला जिन मार्गों से गुजरा, उन्हें सजाया गया। सड़क के दोनों और बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अमेरिका और भारत का झंडा लेकर वेंस का स्वागत किया। वेंस के साथ उनकी पत्नी ऊषा और उनके बेटे इवान और विवेक और बेटी मीराबेल भी हैं। परिवार 4 दिवसीय भारत यात्रा पर है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in