

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो यात्रियों के पास से 1,19,900 अमेरिकी डॉलर की विदेशी मुद्रा जब्त की है। बरामद डॉलर की भारतीय मुद्रा में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 13 लाख 64 हजार रुपये बताई गई है। दोनों यात्री भूटान एयरलाइंस की उड़ान से बैंकॉक जाने वाले थे। फिलहाल जांच एजेंसियां विदेशी मुद्रा के स्रोत और इसे विदेश ले जाने के उद्देश्य का पता लगाने में जुटी हैं।
एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में तैनात CISF के सुरक्षा अधिकारियों को एक पुरुष और एक महिला यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद दोनों को रोककर पूछताछ की गई और उनके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके बैग से बड़ी मात्रा में अमेरिकी डॉलर बरामद हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विदेशी मुद्रा को बैग में छिपाकर ले जाने की कोशिश की जा रही थी।
महिला के बैग से 45 हजार, पुरुष के पास से 74,900 डॉलर
तलाशी के दौरान महिला यात्री के बैग के निचले हिस्से से करीब 45,000 अमेरिकी डॉलर मिले। बताया जा रहा है कि इन नोटों को कागज के पैकेट में लपेटकर रखा गया था। वहीं, पुरुष यात्री के बैग से 74,900 अमेरिकी डॉलर बरामद किए गए। दोनों के पास से मिली रकम को मिलाकर कुल 1,19,900 अमेरिकी डॉलर जब्त किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि रकम कहां से आई, इसे बैंकॉक क्यों ले जाया जा रहा था और क्या इसका संबंध हवाला कारोबार या किसी अन्य अवैध वित्तीय गतिविधि से है। हालांकि, फिलहाल हवाला कनेक्शन की पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।