लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी : देबजीत

विधानसभा से लेकर सार्वजनिक जीवन में शालीनता और जवाबदेही बनाए रखनी चाहिए
लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी : देबजीत
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : प्रदेश भाजपा के साल्ट लेक कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने पश्चिम बंगाल में हाल ही में घोषित विभिन्न विकासोन्मुखी और जनहितकारी नीतिगत निर्णयों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये निर्णय पश्चिम बंगाल की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे के विकास, कृषि, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में घोषित विभिन्न कार्यक्रमों में विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं । 82,000 करोड़ से अधिक की लागत वाली 19 बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं। इनमें सड़क, रेलवे, मेट्रो, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस से संबंधित बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित कई परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की पहल भी की गई है।

इन परियोजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर ‘प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप’ के गठन का प्रस्ताव भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 295 करोड़ की सहायता, कृषि क्षेत्र में मालदा में क्लीन प्लांट सेंटर की स्थापना, पश्चिम बंगाल को पूर्वी भारत के ‘सीड हब’ के रूप में विकसित करने की योजना तथा प्राकृतिक और डिजिटल कृषि के विस्तार की पहल को समयानुकूल कदम बताया। इसके अलावा, उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड का विस्तार और कृषि आधारित मूल्य संवर्धन की पहल किसानों की आर्थिक सुरक्षा और उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मीडिया के विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए कहा, “लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। विधानसभा से लेकर सार्वजनिक जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में शालीनता और जवाबदेही बनाए रखनी चाहिए। साथ ही, भ्रष्टाचार के किसी भी आरोप के मामले में कानून अपना काम करेगा और सत्य निश्चित रूप से सामने आएगा।”

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in