प्रतीकात्मक चित्र
प्रतीकात्मक चित्र

रेजीनगर में चुनावी शोर के बीच थम गई मासूम की सांस

Published on: 

चुनाव प्रचार के दौरान हादसे में घायल बच्ची की इलाज के दौरान हुई मौत

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

उपचुनाव के शोर में बुझ गई एक मासूम जिंदगी। रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच एक दर्दनाक हादसे में घायल मासूम बच्ची की मौत हो गयी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को ऋतब्रत खेमे के प्रत्याशी सफीज्जमां शेख के प्रचार के दौरान बांटी जा रही लॉजेंस उठाने के लिए 6 साल की बच्ची आगे बढ़ी थी।

इसी दौरान उसका सिर एक गाड़ी से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। बच्ची को पहले बेलडांगा के अस्पताल और बाद में कोलकाता के एनआरएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। उपचुनाव के दौरान हुई यह पहली मौत है, जिसके बाद रेजीनगर में शोक का माहौल है।

घटना ऐसे समय हुई है, जब 6 अक्टूबर को रेजीनगर में उपचुनाव होना है। विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से इलाके में जोर-शोर से प्रचार किया जा रहा है। हादसे में बच्ची की मौत ने चुनावी माहौल को गमगीन कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने दुख जताया।

उन्होंने कहा, “यह बेहद हृदयविदारक है। मुझे इस घटना की जानकारी नहीं थी। मासूम बच्ची और उसके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। हम हमेशा उनके साथ खड़े हैं।” सूत्रों के मुताबिक, ऋतब्रत बुधवार को अपने बहरमपुर दौरे के दौरान बच्ची के परिवार से मुलाकात कर सकते हैं।

कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने भी घटना पर दुख जताते हुए चुनाव आयोग से परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in