हावड़ा में यूपी के कारोबारी का अपहरण, 7 गिरफ्तार

पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार किये बरामद
UP Businessman Kidnapped from Howrah Rescued Seven Arrested with Arms
गिरफ्तार अभियुक्तों और बरामद ह​थियारों को दिखाते हावड़ा पुलिस के डीसी नार्थ अमलान कुसुम घोष, साथ है एसीपी डीडी संबीती चक्रवर्ती
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा बस स्टैंड इलाके से उत्तर प्रदेश के जौनपुर के निवासी एक व्यवसायी प्यारेलाल पासी अपहरण के मामले में गोलाबाड़ी और लिलुआ थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत व्यवसायी को लिलुआ के झील रोड स्थित एक बहुमंजिली इमारत के फ्लैट से सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से सात आग्नेयास्त्र, 50 राउंड कारतूस, नौ मोबाइल फोन और एक टैब बरामद किया गया है। मामले में डीसीपी नॉर्थ अमलान कुसुम घोष ने बताया कि घटना 28 सितंबर को हुई थी, जबकि कारोबारी के परिवार की ओर से 30 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान हावड़ा बस स्टैंड और रेलवे सबवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिला और इसके बाद लिलुआ के झील रोड इलाके में अभियान चलाया गया।

अभियुक्तों में 2 कुख्यात शामिल, जांच में जुटी पुलिस            

पुलिस के अनुसार, बाइक से पहुंचे बदमाशों ने सबवे के सामने से प्यारेलाल को जबरन अपने साथ ले लिया था। इसके बाद उन्हें झील रोड स्थित एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस ने छापेमारी कर वहां से कारोबारी को बरामद करने के साथ सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल मल्लिक और सूरज मल्लिक के नाम सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। राहुल मल्लिक हत्या के एक मामले में 16 साल की सजा काटकर हाल में जेल से बाहर आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। प्रारंभिक जांच में मोटी रकम की वसूली के लिए अपहरण किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। आरोपियों को शुक्रवार को हावड़ा अदालत में पेश किया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in