निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : उत्तर 24 परगना के हसनाबाद थाना अंतर्गत बिसपुर इलाके में एक ऐसी चोरी की घटना सामने आई है जिसने स्थानीय लोगों और पुलिस दोनों को हैरान कर दिया है। आमतौर पर चोर बंद घरों को निशाना बनाकर कीमती गहने या नकदी तलाशते हैं, लेकिन यहाँ चोरों ने केवल रसोई में रखे दो भरे हुए गैस सिलेंडरों पर हाथ साफ किया। यह घटना बिमल पोड़े नामक व्यक्ति के घर में हुई, जो अपने परिवार के साथ काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहते हैं। उनके घर की देखरेख पास में रहने वाले रिश्तेदार करते हैं। शुक्रवार सुबह जब रिश्तेदारों ने रसोई का दरवाजा टूटा हुआ देखा और भीतर जाकर जाँच की, तो उनके होश उड़ गए क्योंकि घर का अन्य कोई भी कीमती सामान गायब नहीं था, सिर्फ दो भरे हुए गैस सिलेंडर वहां से नदारद थे।
इलाके में इस अनोखी चोरी के पीछे की वजह सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट पर 'एनर्जी लॉकडाउन' और प्रधानमंत्री के बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, जिससे आम जनता के बीच ईंधन की कमी को लेकर डर पैदा हो गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि बाजार में गैस की संभावित किल्लत और ऊँची कीमतों के डर से ही चोरों ने किसी और कीमती चीज के बजाय गैस सिलेंडरों को चुराना बेहतर समझा। चोरों ने रसोई के अलावा घर के किसी और हिस्से में कोई तोड़फोड़ नहीं की, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उनका उद्देश्य केवल ईंधन प्राप्त करना था।
देशभर में फैल रही लॉकडाउन की इन चर्चाओं के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जनता को आश्वस्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही इन खबरों को पूरी तरह निराधार और आधारहीन बताया है। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और न ही किसी तरह के 'एनर्जी लॉकडाउन' की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर कान न दें और न ही घबराकर किसी भी चीज का अनावश्यक स्टॉक करें। हालांकि, हसनाबाद की इस घटना ने यह जरूर दिखा दिया है कि डिजिटल दुनिया में फैलने वाली गलत जानकारी का जमीनी स्तर पर कैसा असर हो सकता है।