नेपाल में अनिश्चितता बरकरार, पीएम के नाम पर नहीं बन पा रही सहमति

जेन-जी के एक गुट को ‘भारत समर्थक’ कार्की मंजूर नहीं, संसद भंग करने और संविधान में संशोधन की मांग , सेना मुख्यालय के बाहर जेन-जी के गुटों में हाथापाई
1-1-11091-pti09_11_2025_000187b
कर्फ्यू के बीच जेन-जी का हिंसा और प्रदर्शन जारीRishikesh Kumar
Published on

काठमांडू : नेपाल में अंतरिम प्रधानमंत्री के नाम को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। इसे लेकर जेन-जी गुरुवार को दो गुटों में बंट गया। इसके बाद सेना मुख्यालय के बाहर दोनों गुटों में हाथापाई हो गयी जिसमें कई लोग घायल हो गये। अंतरिम प्रधानमंत्री के लिए बुधवार को जस्टिस सुशीला कार्की का नाम पर सहमति की खबर आयी थी लेकिन जेन-जी के एक गुट ने इसलिए खारिज कर दिया कि वे ‘भारत समर्थक’ हैं जबकि दूसरा गुट ‘लाइट मैन’ कहे जाने वाले कुलमान घीसिंग को दायित्व दिये जाने की मांग कर रहा है।

1-1-11091-pti09_11_2025_000098b
काठमांडू में संवेदनशील स्थलों पर मोर्चा संभाले सेना के जवान

बालेन शाह का समर्थन

जेन-जी के ही कुछ आंदोलनकारी काठमांडू के मेयर बालेन शाह का समर्थन कर रहे हैं। हालांकि ‘जेन-जी’ के सभी धड़ों ने इस बात पर जोर दिया है कि संसद को भंग किया जाये और लोगों की इच्छा को प्रतिबिंबित करने के लिए संविधान में संशोधन किया जाये। इस बीच हिंसक प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गयी है।

1-1-11091-pti09_11_2025_000210b
आगजनी के बाद बचा खुचा सामान समेटते लोगRishikesh Kumar

बुजुर्ग नेता नहीं चाहिए!

काठमांडू में तख्तापलट के दो दिन बाद गुरुवार को जेन-जी नेता सामने आये। अनिल बनिया और दिवाकर दंगल ने कहा कि युवाओं ने यह विरोध-प्रदर्शन बुजुर्ग नेताओं से तंग आकर किया है। हमारा मकसद संविधान नहीं, संसद भंग करना है। प्रधानमंत्री के नाम को लेकर सेना मुख्यालय में 2 दिन से प्रदर्शनकारी गुटों के साथ बातचीत चल रही है। एक गुट बातचीत को सेना मुख्यालय की जगह राष्ट्रपति भवन में करने की मांग कर रहा है।

deserted_sainghdwar
बदहाल सिंहद्वार

पुराने राजनीतिक दलों को चेताया

प्रदर्शनकारियों ने अपने विचार व्यक्त करने के लिए यहां प्रेस कांफ्रेंस भी की जबकि उनके कुछ प्रतिनिधि वर्तमान राजनीतिक संकट का समाधान खोजने के लिए सेना मुख्यालय में राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और सेना प्रमुख अशोक राज सिगडेल के साथ विचार-विमर्श में व्यस्त रहे। इस अवसर पर ‘जेन-जी’ कार्यकर्ताओं ने बातचीत और सहयोग के माध्यम से समाधान खोजने की आवश्यकता पर बल दिया। ‘जेन-जी’ समूह के प्रतिनिधि दिवाकर दंगल, अमित बनिया और जुनल दंगल ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने पुराने राजनीतिक दलों को चेताया कि वे अपने निहित स्वार्थों के लिए उनका इस्तेमाल न करें।

president_ramchandra_paudel
राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल

दो दिन बाद आयी पौडेल की अपील

दूसरी ओर राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने गुरुवार को सभी पक्षों से शांति बनाये रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि वे सांविधानिक ढांचे के भीतर मौजूदा राजनीतिक हालात का समाधान खोजने का प्रयास कर रहे हैं। यह पहली बार है जब राष्ट्रपति ने देश में मौजूदा उथल-पुथल के बारे में बात की है। मंगलवार को ‘जेन-जी’ के प्रदर्शनकारी समूहों द्वारा राष्ट्रपति कार्यालय और उनके निजी आवास पर आगजनी के बाद से उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया। पौडेल वर्तमान में सैन्य सुरक्षा में हैं।

तीसरे दिन भी ‘कर्फ्यू’ जारी, मृतकों की संख्या 34 हुई

इस बीच सेना ने एहतियातन राजधानी और उससे सटे इलाकों में तीसरे दिन भी कर्फ्यू जारी रखा। नेपाल हिंसा में अब तक 34 मौतें हुई है जबकि 1300 से ज्यादा लोग घायल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश भर के अस्पतालों में 1,338 लोग भर्ती हैं जबकि 949 को पहले ही छुट्टी दे दी गयी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in