बेकाबू ट्रैक्टर ने ली युवक की जान

माटिया में मातम के बाद भारी तनाव, सड़क पर उतरे परिजन
Uncontrolled tractor took the life of a young man
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट: उत्तर 24 परगना के मटिया थाना अंतर्गत राजापुर इलाके में बेकाबू रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में उत्तेजना फैल गई और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान 30 वर्षीय शमीम मंडल के रूप में हुई है, जो राजापुर का निवासी था। घायल युवक 25 वर्षीय पार्थ दास है, वह भी उसी इलाके का रहने वाला है। शुक्रवार की रात दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर राजापुर की ओर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। आमने-सामने की इस भिड़ंत में दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर उन्हें तुरंत बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने शमीम को मृत घोषित कर दिया। पार्थ की हालत नाजुक होने के कारण उसे कोलकाता के आरजी कर अस्पताल रेफर किया गया है।

अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग पर जताया आक्रोश

इस घटना के विरोध में शनिवार सुबह से ही मटिया में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इलाके में रात के समय मिट्टी माफियाओं के ट्रैक्टरों की रफ्तार पर कोई लगाम नहीं है, जिसके कारण आए दिन मासूम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को भारी जन आक्रोश का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शमीम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in